एसीसी कंपनी में कार्य कर रहे 4500 ट्रक ऑपरेटरों के लिए अच्छी खबर आई है। बीडीटीएस ने एक अप्रैल से देय 1.20 फीसदी किराया बढ़ोतरी को लागू कर दिया है। ऑपरेटरों को पहली अगस्त से बढ़ा हुआ किराया मिलेगा, जबकि पिछले चार महीनों का ऑपरेटरों को बकाया राशि एरियर के रूप में मिलेगी।
यह फैसला यूनियन और एसीसी कंपनी की 24 जुलाई को हुई बैठक में लिया गया। इसके अलावा अन्य मांगों को कंपनी ने माना है जिससे ऑपरेटरों को करीब 17 करोड़ तक का आर्थिक लाभ होने का अनुमान है।
उल्लेखनीय है कि अनुबंध के अनुसार एक अप्रैल से ऑपरेटरों को उक्त बढ़ा हुआ किराया दिया जाना था, क्योंकि कंपनी ने जो यूनियन के साथ एमओयू किया है उसके अनुसार सालाना किराया मूल्यांकन के लिए बैठक की जाती है। इसी कड़ी में 24 जुलाई को यूनियन और कंपनी की बैठक हुई।
इसमें किराया बढ़ोतरी का फैसला लिया गया। यूनियन की अन्य मांगों को मानते हुए कंपनी जनवरी से 10 टन भार तक पूरा किराया और आगे के दो टन पर पांच-पांच फीसदी कटौती कर अदा कर रही है।
जबकि पूर्व में यह नौ टन तक पूरा किराया जबकि आगे के तीन टन पर 20-20 फीसदी कटौती के साथ मिलता था। लेकिन अब यूनियन क दबाव के चलते कंपनी ने इसमें भी जनवरी 2019 से इजाफा किया है।
जिससे एसीसी बरमाण में काम कर रहे ऑपरेटारों को साल का 16 से 17 करोड़ तक का आर्थिक लाभ होगा। बीडीटीएस यूनियन के महासचिव रजनीश ठाकुर ने बताया की यूनियन ऑपरेटरों के हकों के लिए हमेश आगे रहती है।
इसी कड़ी में 24 जुलाई को आयोजित बैठक में यूनियन के दबाव में कंपनी ने ऑपरेटरों की सभी मांगों को माना है। उन्होंने कहा कि आगे भी यूनियन ऑपरेटरों के हकों के लिए इसी प्रकार कार्य करती रहेगी।