छात्रावास के रास्ते पर स्ट्रीट लाइटें लगाने का किया आग्रह संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) परिसर में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की इकाई ने छात्रहित से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया।
परिषद ने विश्वविद्यालय की स्वायत्तता बरकरार रखने, फीस निर्धारण में पारदर्शिता लाने और विद्यार्थियों की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने की मांग उठाई। एबीवीपी के इकाई मंत्री अंकित चंदेल ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्वायत्तता उसकी शैक्षणिक गुणवत्ता और स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने की क्षमता के लिए जरूरी है। प्रदेश सरकार को विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने फीस निर्धारण और फीस वृद्धि में हुई अनियमितताओं की जांच करवाने के साथ ही विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं डालने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं के छात्रावास तक जाने वाले रास्ते पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने और विश्वविद्यालय के पुस्तकालय में सर्दियों के दौरान हीटर उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई। परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से इन समस्याओं का जल्द समाधान करने का आग्रह किया। साथ ही चेतावनी दी कि छात्रहितों से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा।