एबीवीपी ने तकनीकी शिक्षा मंत्री को सौंपा मांगपत्र
शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. राम लाल मारकंडा को मांगपत्र सौंपा।
एबीवीपी के प्रांत मंत्री विशाल वर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लगभग तीन सालों से हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के अंदर चल रही विभिन्न समस्याओं को लेकर आंदोलनरत है। लेकिन प्रशासन और सरकार की नाकामियों से तकनीकी विश्वविद्यालय की समस्या जस की तस बनी हुई है। प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में वर्ष 2018 से 8 पाठ्यक्रमों को शुरू किया है जिसमें लगभग 450 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। लेकिन दुर्भाग्य की बात है की इन 8 पाठ्यक्रमों को पढ़ाने के लिए नियमित शिक्षक नहीं हैं। गेस्ट फैकेल्टी से काम चलाया जा रहा है। नियमित शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो पाई है।
तकनीकी विश्वविद्यालय में 42 शिक्षकों के पद आज भी खाली हैं। इसी के साथ विवि
में गैर शिक्षक पदों की भारी कमी है। इस कारण छात्रों को समस्याएं झेलनी पड़ रही है। उन्होंने तकनीकी विवि में शिक्षकों और गैर शिक्षक पदों पर नियमित भर्ती करने की मांग प्रमुखता से उठाई। कहा कि तकनीकी विश्वविद्यालय में निजी संस्थानों से भी अधिक फीस छात्रों से वसूली जा रही है लेकिन वहां मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही। विश्वविद्यालय में सब्सिडाइज्ड और नॉन सब्सिडाइज सीटों का प्रावधान ही नहीं हैं। भारी भरकम फीस होने की वजह से बहुत सारे गरीब छात्र उच्च शिक्षा अर्जित नहीं कर पाते हैं। 2010 में स्थापित हुए हिमाचल प्रदेश तकनीकी विवि आज भी आधारभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है। 2019 में मुख्यमंत्री ने विवि को 10 करोड़ की आवर्ती अनुदान की घोषणा की थी जो आज तक नियमित रूप से नहीं मिल रहा है। एबीवीपी ने मांगपत्र में मुख्य रूप से 3 वर्षों से रिक्त आठ विभागों के शिक्षकों के पदों पर नियमित भर्ती करने, छात्रों के लिए सब्सिडाइज और नॉन सब्सिडाइज्ड सीटों का प्रावधान करने, विवि के आवर्ती अनुदान राशि (10 करोड़) को नियमित रूप जारी करने और गैर शिक्षकों के रिक्त 70 पदों पर नियमित भर्ती करने की मांगों को प्रमुखता से उठाया। तकनीकी शिक्षा मंत्री से मिले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश मंत्री विशाल वर्मा, जनसंपर्क प्रमुख आशीष शर्मा, प्रदेश सहमंत्री शिल्पा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कोमल वेकटा, विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष विशाल सकलानी शामिल थे।
एचपीयू में भी खोलें पुस्तकालय : एबीवीपी
शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विवि इकाई ने विश्वविद्यालय के पुस्तकालय को भी आम छात्रों के लिए खोले जाने की मांग की है। इसको लेकर एबीवीपी ने लाइब्रेरियन से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा। इसमें एबीवीपी ने परीक्षाओं की तैयारियों के लिए जल्द विवि पुस्तकालय को 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने का आग्रह किया। इकाई सचिव आकाश नेगी ने कहा कि पुस्तकालय में कोरोना से बचाव को लेकर जारी एसओपी और निर्देशों का ख्याल रखते हुए जल्द पुस्तकालय खोला जाए। लाइब्रेरी खुलने से छात्र वहां बैठकर परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे।