दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली हुई है। ये लोग सीरियल किलर की तरह पीछे पड़ जाते हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर किंगपिन हैं। भाजपा का काम सरकारें गिराना और ईडी से डराना रह गया है। सिसोदिया ऊना के घालूवाल में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने भाजपा नेताओं को सलाह दी है कि केंद्र, हिमाचल समेत अन्य राज्यों में सरकार चलाने का मौका मिला है। दूसरे राज्य की चुनी हुई सरकारों को गिराने के बजाय अच्छा है कि अच्छे स्कूल व अस्पताल बनाकर जनता को दें। इससे पहले उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उनके घर बिन बुलाए मेहमान सीबीआई वाले आए थे।
जांच में उन्हें एक पैसे की बेईमानी का सबूत नहीं मिला। उन्हें फर्जी एफआईआर से नहीं डरा पाए तो विशेष मैसेंजर से उन्हें मुख्यमंत्री बनाने का प्रलोभन देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का साथ छोड़ने को कहा गया। केजरीवाल का साथ छोड़ने, पार्टी तोड़कर भाजपा में शामिल होने पर सब केस खत्म होने की बात कही गई। उन्होंने दो टूक कहा कि वह किसी भी हालत में गद्दारी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि सीबीआई, ईडी की रेड 75 साल में स्कूल व अस्पताल न बनवा पाने वालों के घरों पर करवानी चाहिए।