डीसी दफ्तर के बाहर बोला हल्ला, पन्नू की गिरफ्तारी की उठाई मांग
जयराम से सीएम के पद से इस्तीफा देनी की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ताओं ने इस दौरान सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के बाद आप कार्यकर्ताओं ने डीसी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा और मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही पीएम मोदी से खालिस्तानी पन्नू की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
आप के प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कानून सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। विधानसभा जैसे सुरक्षित और संवेदनशील जगहों पर खालिस्तानी झंडे लगने से सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आलम यह है कि यहां न तो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और न ही सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि प्रदेश सरकार और पुलिस अतिसंवदेनशील जगहों पर ही सुरक्षा का पहरा नहीं दे सकती तो वह आम आदमी को क्या सुरक्षा देंगे।
प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्री और पुलिस के मुखिया जश्न में डूबे हैं। वह कार्यक्रमों में जाकर नाटियां डाल रहे हैं उन्हें लोगों की चिंता नहीं है। प्रदर्शन में ममता चंदेल, गोपाल ठाकुर, यश शर्मा, योगेश, दलीप आजाद, डॉ. रणबीर नेगी, साहिल ठाकुर, रवि सहोटा, विजय मटु, सिया करोल, निंदु ठाकुर, एसएस जोगटा, संदीप ठाकुर, मनोज भारद्वाज, रंजना सूद, बाबूराम, रिकी कुकरेजा, अशोक कुमार, संतराम, पिंकी, देवराज, राजिंदर, सुहानी, मीरा कुकरेजा, जेडी चौहान, संगीता, गोपाल वर्मा, विवेक और रजत मौजूद रहे।
पन्नू के विरोध में उतरा सिख समुदाय
शिमला। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा के प्रधान जसविंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में खालिस्तानी पन्नू द्वारा जिस तरह की हरकतें की जा रही हैं, वह बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। कहा कि शिमला के सभी गुरुद्वारा और सिख समुदाय के लोग इसका विरोध करते हैं।