अमावस्या तिथि 8 नवंबर को सुबह 11:27 बजे शुरू होगी
संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। छोटी और बड़ी दिवाली एक ही दिन मनाई जाएगी। तिथियों के विशेष संयोग के चलते नरक चतुर्दशी यानी छोटी दिवाली और दीपावली का पर्व 8 नवंबर रविवार को मनाया जाएगा।
गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पुजारी उमेश नौटियाल ने बताया कि उदया तिथि और प्रदोष काल के संयोग के आधार पर इस वर्ष दोनों पर्व एक ही दिन पड़ रहे हैं। कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि 7 नवंबर को सुबह 10:47 बजे शुरू होकर 8 नवंबर को सुबह 11:27 बजे तक रहेगी। इसके बाद अमावस्या तिथि शुरू हो जाएगी। छोटी दिवाली पर सूर्योदय से पहले स्नान करने की परंपरा और उदया तिथि के विशेष संयोग के कारण इस बार नरक चतुर्दशी 8 नवंबर को मनाई जाएगी। अभ्यंग स्नान के दौरान शरीर पर तेल और उबटन लगाकर विधि-विधान से स्नान किया जाता है। अभ्यंग स्नान का शुभ मुहूर्त सुबह 5:41 से 6:38 बजे तक रहेगा।
पुजारी उमेश नौटियाल ने बताया कि दीपावली का पर्व कार्तिक अमावस्या को मनाया जाता है। अमावस्या तिथि 8 नवंबर को सुबह 11:27 बजे शुरू होकर 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे तक रहेगी। दीपावली पर प्रदोष काल में अमावस्या तिथि का होना विशेष महत्व रखता है। इस वर्ष यह संयोग 8 नवंबर को बन रहा है। ऐसे में लक्ष्मी-गणेश पूजन और दीपोत्सव का मुख्य पर्व भी इसी दिन मनाया जाएगा। प्रदोष काल में पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5:31 से 8:09 बजे तक रहेगा।