जेल से छूटने के बाद जीरकपुर से करने लगा सप्लाई देवेंद्र ठाकुर शिमला। युवाओं को चिट्टे के दलदल में धकेलने वाले कुख्यात नशा तस्कर विजय उर्फ डेविड उर्फ बिहारी ने कैथू जेल में रहकर अंतरराज्यीय चिट्टा तस्करी का नेटवर्क चलाने की साजिश रची थी।
ठियोग में वर्ष 2023 में सरगना को 180 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। इसी मामले में वह कैथू जेल में दो साल से ज्यादा रहा। पुलिस जांच में सामने आया है कि इसी दौरान सरगना ने जिला शिमला में नशा तस्करी में पकड़े जाने वाले आरोपियों से सांठगांठ की। इसके बाद आरोपी ने खुद शिमला में न आकर जीरकपुर में बैठकर ही चिट्टा सप्लाई का अंतरराज्यीय नेटवर्क चलाने का फैसला लिया। आरोपी व्हाट्सएप कॉल के जरिये सभी पैडलरों के संपर्क में रहता था जिससे उसके खिलाफ किसी तरह का रिकॉर्ड पुलिस को न मिले। व्हाट्सएप पर कॉल होने के बाद वह पैडलरों को जीरकपुर में बैठकर नशे की सप्लाई करता था और इसके बाद यह सफेद जहर पैडलरों के जरिये जिले के ठियोग, राममपुर, रोहड़ू, शिमला शहर और अन्य क्षेत्रों तक पहुंचाया जाता था। नशे की पैडलिंग में ऐसे आरोपी भी शामिल थे जोकि नशे के आदी थे और जीरकपुर से कम दाम पर नशा खरीदकर उसे यहां पर दो से तीन गुना दाम पर बेचकर मुनाफा कमाने के साथ ही अपने नशे की आपूर्ति भी कर रहे थे।
विज्ञापन
जेल में इसके संपर्क में आने वाले कई आरोपी अभी भी इसके साथ नशा तस्करी में संलिप्त पाए गए हैं। इन पैडलरों के खिलाफ कई चिट्टा तस्करी के केस दर्ज हैं। अभी तक की जांच में विजय उर्फ डेविड उर्फ बिहारी का जिले में 70 के करीब लोगों से संपर्क स्थापित होने की बात सामने आई है। इसमें कई पैडलर और नशे का सेवन करने वाले युवा भी शामिल हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इन लोगों के माध्यम से जिले में सैकड़ों युवाओं की नसों में जहर घोला जा रहा था।
पुलिस नशा तस्करी के नेटवर्क की जांच के साथ ही सरगना और पैडलरों के खिलाफ वित्तीय जांच भी कर रही है, जिससे पता लगाया जा सके कि सरगना ने नशा तस्करी से कितनी संपत्ति अर्जित की है। इन संपत्तियों की पहचान कर उन्हें भी कब्जे में लेकर कानून के मुताबिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि विजय उर्फ डेविड उर्फ बिहारी ने जेल में रहकर जिले के स्थानीय पैडलरों से सांठगांठ की और इसके बाद यह अंतरराज्यीय चिट्टा तस्करी का गिरोह चलाया। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ वित्तीय जांच भी शुरू कर दी गई है।