फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: जनता के सहयोग से 200 साल पुराने मंदिर का हो रहा जीर्णोद्धार

विज्ञापन
विज्ञापन
ठूंड में हो रहा देवता जुन्गा मंदिर का जीर्णोद्धार
विज्ञापन

चार साल से भाषा विभाग से नहीं मिला पैसा

संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। तहसील जुन्गा के ठूंड गांव में 200 वर्ष पहले बने पुराने देव जुन्गा देवचंद मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य अंतिम दौर में है। भाषा एवं संस्कृति विभाग से इस कार्य के लिए पैसा नहीं मिला। ऐसे में अब जन सहयोग से इसका जीर्णोद्धार किया जा रहा है।

मंदिर समिति ने बताया कि अब तक श्रद्धालुओं के सहयोग से करीब 50 लाख रुपये की राशि एकत्रित की जा चुकी है। इस राशि से मंदिर निर्माण का लगभग 75 फीसदी कार्य पूरा हो गया है लेकिन शेष कार्य के लिए वित्तीय संकट आ गया है। सोमवार को ठूंड में मंदिर समिति की एक आमसभा हुई। इसकी अध्यक्षता मंदिर समिति के प्रधान प्रेम ठाकुर और देवता के गुरु नंदलाल शर्मा ने की। बैठक में मंदिर निर्माण के दौरान आ रही वित्तीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने खेद व्यक्त किया कि मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए निदेशालय भाषा एवं संस्कृति विभाग शिमला को भेजी फाइल चार वर्षों से लंबित है। बजट के अभाव में इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। प्रेम ठाकुर ने कहा कि यदि सरकार प्राचीन मंदिरों के संरक्षण में सक्षम नहीं है तो ऐसी योजनाओं को बंद कर देना चाहिए। उन्होंने बताया कि मंदिर अत्यंत जर्जर अवस्था में पहुंच चुका था। दो वर्षों तक सरकारी सहायता का इंतजार करने के बाद स्थानीय लोगों ने स्वयं जीर्णोद्धार कार्य आरंभ किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रेम ठाकुर और नंदलाल शर्मा ने बताया कि लोगों ने अपनी सामर्थ्य से बढ़कर योगदान दिया है। अब शेष 25 फीसदी कार्य पूरा करना कठिन हो रहा है। मंडी जिला से आए विशेषज्ञ कारीगरों की मजदूरी का भुगतान भी मुश्किल हो रहा है। मंदिर समिति ने सरकार और भाषा एवं संस्कृति विभाग से लंबित फाइल पर शीघ्र कार्रवाई कर अनुदान जारी करने का आग्रह किया है। भाषा एवं संस्कृति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पर्याप्त अनुदान न मिलने के कारण प्रदेश भर में कई मंदिरों के जीर्णोद्धार मामले लंबित हैं। मंदिर का निर्माण प्राचीन देव शैली में किया जा रहा है। इसमें देवी-देवताओं की आकर्षक नक्काशी उकेरी जा रही है। बैठक में मंदिर समिति के वरिष्ठ प्रधान मनोहर सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष दीपक रोहाल और सचिव प्रीतम सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। राजीव ठाकुर, जोगिंद्र ठाकुर, जोगिंद्र रोहाल, कृष्ण रोहाल, रामसरन ठाकुर और सुरेश वर्मा सहित कई अन्य सदस्य भी शामिल हुए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें