अनुबंध कैरिज की आड़ में चलाई जा रहीं बसें अमर उजाला ब्यूरो शिमला। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) शिमला की टीम ने बाहरी राज्यों से आने वाली अवैध वोल्वो बसों की चेकिंग कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच की और नियमों की अनदेखी पर नौ बसों के चालान काटे। इस दौरान 90 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकतर मामलों में परमिट नियमों का उल्लंघन पाया गया है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विश्व मोहन चौहान ने बताया कि विभाग रूटीन में यह कार्रवाई करता है। राजधानी शिमला में रोजाना बाहरी राज्यों की वोल्वो बसें सैकड़ों पर्यटकों को शिमला लेकर आती हैं। इनमें अधिकतर कांट्रेक्ट कैरिज की रहती हैं, लेकिन इसकी आड़ में कुछ निजी बसें कांट्रेक्ट कैरिज बसों की आड़ में राजधानी शिमला से स्टेज कैरिज के रूप में चल रही हैं। यह बसें शिमला दिल्ली और अन्य स्टेशन के बोर्ड लगाकर बाहरी राज्यों से स्टेज कैरिज के रूप में चल रही हैं।
स्टेज कैरिज में बस का तय रूट होता है, रास्ते में इनके बस स्टॉप भी निर्धारित होते हैं, जिसमें सवारियों को चढ़ाया और उतारा जा सकता है। इसमें प्रति यात्री के हिसाब से किराया लिया जाता है। इसके लिए परिवहन विभाग के क्षेत्रीय परिवहन अथॉर्टी से से स्टेज कैरिज का परमिट लेना अनिवार्य होता है। कांट्रेक्ट कैरिज में पूरे समूह का किराया इकट्ठा लिया जाता है। इसमें सवारियों को बीच से उठाने की अनुमति नहीं होती है।