चार दिन में शिमला पहुंचे 73 हजार पर्यटक वाहन
- फोटो : अमर उजाला
हिल्सक्वीन शिमला में समर टूरिस्ट सीजन पीक पर पहुंच गया है। बीते 4 दिनों के भीतर करीब 73 हजार पर्यटक वाहन शिमला पहुंचे हैं। कारोबार में तेजी से शहर के पर्यटन कारोबारी खासे उत्साहित हैं। आगामी 15 जून तक के लिए शहर के होटलों में करीब 40 फीसदी कमरे एडवांस बुक हो गए हैं। जून माह के दौरान पहले चार दिनों में बाहरी राज्यों से करीब 73 हजार पर्यटक वाहन शोघी बैरियर से शिमला में दाखिल हुए हैं। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित अन्य राज्यों से सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं। पर्यटक वाहनों की आमद बढ़ने से शहर की परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। सैलानियों की आमद बढ़ने से होटलों में कमरों की बुकिंग 80 से 90 फीसदी चल रही है।
शहर के पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की रौनक बढ़ गई है। शिमला के अलावा साथ लगते पर्यटन स्थल कुफरी, नारकंडा, मशोबरा, नालदेहरा भी सैलानियों से गुलजार हैं। शिमला होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि शहर के होटलों में कमरों की बुकिंग में तेजी आई है। आने वाले दिनों के लिए एडवांस बुकिंग चल रही है। ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि मैदानी राज्यों से भारी संख्या में सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं। वीकेंड के अलावा हफ्ते के अन्य दिनों में भी सैलानियों के शिमला पहुंचने के क्रम में तेजी आई है। ऑल हिमाचल कॉमर्शियल व्हीकल ज्वाइंट एक्शन कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र ठाकुर का कहना है कि शनिवार को शहर के आसपास साइट सीन के लिए टैक्सियां कम पड़ गई।
20 जून तक होटलों की एडवांस बुकिंग : अमित कश्यप
पर्यटन विभाग के निदेशक अमित कश्यप ने बताया कि जून माह की शुरूआत में सैलानियों की आमद में भारी इजाफा हुआ है। आगामी 15 से 20 जून तक पर्यटन विकास निगम के होटलों में कमरों की एडवांस बुकिंग चल रही है।
4 दिन में 53 हजार सैलानियों ने इस्तेमाल की टूरिज्म लिफ्ट
बीते चार दिन के भीतर सर्कुलर रोड को मालरोड से जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट का करीब 53 हजार सैलानियों ने आवाजाही के लिए इस्तेमाल किया है। वीरवार एक जून को करीब 13,000, शुक्रवार को 12,000, शनिवार को सर्वाधिक 15,000 और रविवार को करीब 13000 लोगों ने लिफ्ट का इस्तेमाल किया।