हिमाचल विश्वविद्यालय कैंपस और भवनों में किराये पर चल रही दुकानों का अब हर तीन साल बाद दस फीसदी किराया बढ़ेगा। इसके साथ दुकानों में खाने की गुणवत्ता में और सुधार लाना होगा। यही नहीं कैंपस के सौंदर्यीकरण में भी सहयोग करना होगा।
दुकानदारों को यह निर्देश वीरवार को आयोजित बैठक में कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार ने दिए। बैठक में विवि के वित्त अधिकारी नरेंद्र ठाकुर, डीएस प्रो. अरविंद कालिया, डीएसडब्लू प्रो. कमलजीत सिंह सहित संपदा शाखा के उप कुलसचिव भी मौजूद रहे। बैठक में कुलपति ने कारोबारी किराएदारों की समस्याओं को सुना और उन्हें सुलझाने का भरोसा दिया।
उन्होंने कारोबारियों को साफ तौर पर कहा कि हर किरायेदार कारोबारी को रेंट कंट्रोल एक्ट के तहत तीन साल में दस फीसदी बढ़ोतरी के साथ किराया अदा करना होगा। जीएसटी के क्षेत्रीय निदेशालय चंडीगढ़ के आदेशों के मुताबिक बिक्री पर जीएसटी अदा करना होगा। कुलपति ने अपने अधिकारियों से कहा कि वे दुकानदारों की समस्याओं का भी समय-समय पर निदान करते रहे लेकिन कारोबारी किरायेदारों को दुकानों में साफ सफाई और परिसर सौंदर्यीकरण में विवि का हर तरह से सहयोग करना होगा।
कहा कि विवि के अधिकारियों की टीम दुकानों में बेचे जा रहे सामान की गुणवत्ता को लेकर भी समय-समय पर निरीक्षण करेंगे ताकि छात्रों की सेहत से खिलवाड़ न हो। इस निरीक्षण में खाने-पीने की सामग्री के लिए जा रहे रेट पर भी नियंत्रण रखा जाएगा। बैठक में कारोबारियों ने अपनी समस्याएं उठाईं जिसमें कुछ का मौके पर समाधान कर दिया गया और कुछ को सुलझाने का आश्वासन दिया है।