हिमाचल सरकार की ओर से घर-द्वार के समीप जन शिकायतों के प्रभावी निवारण को शुरू किए गए जनमंच कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन सरकार की एक वर्ष में सबसे बड़ी उपलब्धि है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को शिमला में ‘हिमाचल वार्ता-रोडमैप अहेड’ कार्यक्रम में कही। इसमें पंजाब, हरियाणा, हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा - हमारे राजनीतिक विरोधियों ने भी जनमंच की सराहना की है, क्योंकि पिछले एक साल के दौरान आम जनता की 22,000 से अधिक शिकायतों का जनमंच के माध्यम से निवारण किया गया है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि सरकार का पहला निर्णय वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए था।
इसमें पेंशन प्राप्त करने की आयु सीमा 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष की गई थी, जिससे 1.30 लाख से अधिक व्यक्तियों को लाभ पहुंचा है। उन्होंने एक वर्ष की छोटी सी अवधि के दौरान राज्य के कुल 68 में से 63 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा शुरू की गई ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ के तहत लाभान्वित नहीं हुए परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन देने के लिए ‘हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना’ शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटन विकास के लिए एशियाई विकास बैंक द्वारा राज्य के लिए 1900 करोड़ की योजनाएं स्वीकृत की हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र्र ने प्रदेश के लिए 9500 करोड़ रुपये से अधिक की विकासात्मक परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिनसे राज्य में विकास की गति बढ़ाने में मदद मिलेगी।