जिला निर्वाचन अधिकारी शिमला दिनेश मल्होत्रा ने लोकसभा चुनाव के लिए विभिन्न राजनैतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों द्वारा शिमला संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की छंटनी की।
निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक अंशु प्रकाश ने छंटनी प्रक्रिया का पर्यवेक्षण किया। छंटनी प्रक्रिया के बाद दिनेश मल्होत्रा ने बताया कि सभी उम्मीदवारों द्वारा दाखिल नामांकन पत्र स्वीकृत कर लिए गए हैं।
प्रक्रिया के अनुसार राजनैतिक दलों के कवरिंग उम्मीदवारों द्वारा दाखिल नामांकन पत्र अस्वीकृत किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कांग्रेस के उम्मीदवार मोहन लाल ब्राक्टा, बी.एस.पी के उम्मीदवार गुरनाम सिंह, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुभाष चंद्र, भाजपा के उम्मीदवार वीरेन्द्र कश्यप, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के उम्मीदवार जगत राम, समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार शूरवीर सिंह और निर्दलीय प्रत्याशी वीरेन्द्र कुमार कश्यप के नामांकन पत्र स्वीकृत किए गए हैं।
प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए जाने पर बी.एस.पी. के कवरिंग उम्मीदवार जसवीर सिंह, कांग्रेस के कवरिंग उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी और भाजपा के कवरिंग उम्मीदवार सुरेश कुमार के नामांकन पत्र अस्वीकृत किए गए हैं। दिनेश मल्होत्रा ने बताया कि नामांकन पत्र 23 अप्रैल, 2014 को सायं 3 बजे तक वापिस लिए जा सकते हैं।
दो वीरेंद्र चुनाव मैदान में
भाजपा से उम्मीदवार वीरेंद्र कश्यप के अलावा शिमला संसदीय सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर वीरेंद्र कुमार कश्यप भी मैदान में है।