तमिलनाडु के ई रोड में हुई 62वीं महिला और पुरुष वर्ग की राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में हिमाचल की महिला टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक पर कब्जा किया है।
प्रदेश की टीम ने लगातार चौथी बार राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतने में कामयाबी हासिल की है। राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में हिमाचल की टीम की ओर से रजनी, प्रियंका, कविता, देविका चौहान और पदमा ने बेहतर प्रदर्शन कर टीम को कांस्य पदक दिलाया।
प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के प्रवक्ता रविंद्र भट्टा ने बताया कि एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम के अध्यक्ष रामलाल ठाकुर ने दोनों टीमों को बधाई दी है।
भट्टा ने बताया कि प्रतियोगिता में हिमाचल की पुरुषों की टीम क्वार्टर फाइनल में रेलवे की टीम से 15 के मुकाबले 13 अंकों से हार गई थी।
टीम में अजय ठाकुर, रोहित राणा, मनीष, अभिनंद और रितेश ने शानदार प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के सचिव नंदलाल ठाकुर और कोच कृष्ण ठाकुर ने दोनों टीमों को बेहतर प्रदर्शन पर बधाई दी है।