हिमपात के पूर्वानुमान के बाद शिमला पहुंचे सैलानी
कुफरी, नारकंडा और मशोबरा में लगा सैलानियों का जमावड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। वीकेंड से पहले ही शिमला के होटलों में 60 फीसदी तक कमरे बुक हो गए हैं। क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन से पूर्व सैलानियों ने शिमला का रुख करना शुरू कर दिया है। बर्फबारी के पूर्वानुमान के बाद शिमला में सैलानियों की आवाजाही बढ़ी है। शिमला के अलावा कुफरी, नारकंडा और मशोबरा में भी सैलानियों का खूब जमावड़ा लग रहा है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं। वीरवार को दिनभर रिज मैदान और मालरोड पर सैलानियों की चहल पहल रही। सर्कुलर रोड पर मल्टी स्टोरी पार्किंग के अधिकतर फ्लोर पूरे दिन पैक रहे। मालरोड लिफ्ट के बाहर भी पूरे दिन सैलानियों की कतारें लगी रही। सैलानियों की आमद में बढ़ोतरी के बाद शहर के होटल कारोबारी खासे उत्साहित हैं। क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए एडवांस बुकिंग ने भी रफ्तार पकड़ ली है। होटलों की ओर से क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए पैकेज भी जारी किए हैं।
सैलानी शिमला से कुफरी और नारकंडा का रुख कर रहे हैं जिससे शहर के टैक्सी कारोबारियों का काम भी रफ्तार पकड़ रहा है। ऑल हिमाचल कामर्शियल व्हीकल ज्वाइंट एक्शन कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि क्रिसमस से पहले शिमला में टूरिस्टों की आमद बढ़ने से टैक्सी का काम बढ़ा है। साल भर से नुकसान का सामना कर रहे टैक्सी ऑपरेटरों को इस माह अच्छा काम मिलने की उम्मीद है। शिमला से मनाली और चंडीगढ़ के भी पैकेज मिल रहे हैं। ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि वीकेंड से पहले ही होटलों में 60 फीसदी तक आक्यूपेंसी हो गई है। क्रिसमस और न्यू ईयर पर होटलों में सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी की उम्मीद है।