थाना प्रभारी सोलन धर्म सेन नेगी
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल के सोलन में फर्जी कर्फ्यू पास का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है। कर्फ्यू पास के दुरुपयोग के भी मामले पुलिस के सामने आए हैं। पुलिस ने शहर में 60 वाहन चालकों को पकड़ा है जो फर्जी तरीके से कर्फ्यू पास बनाकर घूम रहे थे। इनमें से कुछ ऐसे भी हैं जिन्होंने पास के नियमों का उल्लंघन किया है। प्रशासन ने आवश्यक सामान खरीदने के लिए 8 से 12 तक का समय दिया है। इसमें सभी लोग अपने निजी वाहन के बिना खरीदारी करने के लिए बाजार आ सकते हैं।
लेकिन इसमें कर्फ्यू पास लेकर लोग सब्जियां सहित अन्य राशन की खरीदारी के लिए अपने वाहन लेकर बाजार में पहुंच रहे हैं, हालांकि कर्फ्यू की पालना को गश्त पर तैनात पुलिस सभी गाड़ियों की जांच के बाद ही बाजार को आने की अनुमति दे रही है। जबकि इसमें ऐसे भी कई लोग है, जो बिना कारण के कर्फ्यू पास से बाजार में गाड़ी लेकर घूम रहे हैं।
पुलिस ने गुरुवार को इनमें से कई गाड़ियों के पास की जांच की जिनमें बड़ी संख्या में पासों के फर्जी होने का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने करीब 60 ऐसे लोगों पर कार्रवाई करते हुए उनके चालान भी काटे हैं। इसके अलावा आदेशों का उल्लंघन करने पर सोलन शहर में 27 वाहन जब्त किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न आदेशों की अवहेलना पर भारतीय दंड संहिता के तहत 33 व्यक्तियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं।
कर्फ्यू के बीच सराहनीय कार्य कर रही पुलिस
सोलन विकास खंड के धर्जा से एक 69 वर्षीय बुजुर्ग महिला के परिजनों से सूचना मिली थी कि उक्त महिला को अस्थमा के अटैक के कारण तुरंत अस्पताल लाना आवश्यक है। ऐसे में थाना प्रभारी धर्मसेन नेगी की अगुवाई में पुलिस टीम धर्जा पहुंचे और महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाया। समय पर मिली चिकित्सीय सहायता से उक्त महिला अब पूर्ण रूप से स्वस्थ है। उन्होंने कहा कि कर्फ्यू के समय में अनेक मानसिक रोगियों और अन्य को रबौण स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन भी पहुंचाया गया।
नियमों के उल्लंघन पर की जा रही कार्रवाई
थाना प्रभारी सोलन धर्म सेन नेगी ने बताया कि विपरीत परिस्थितियों में भी पुलिस बल कोरोना वायरस के खतरे को सफलतापूर्वक हराने के लिए दिन-रात कार्यरत है। उन्होंने शहरवासियों से आग्रह किया कि पुलिस को सहयोग प्रदान करें।