हिमाचल प्रदेश विपणन निगम (एचपीएमसी) ने वित्त वर्ष 2015-16 के दौरान 72 करोड़ के कारोबार कर बिक्री के सर्वोच्च लक्ष्य को हासिल किया है। पिछले वर्ष की तुलना में कुल 73 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज कर वित्त वर्ष 2016-17 के लिए 91.17 करोड़ के कारोबार का लक्ष्य रखा है। एचपीएमसी के उपाध्यक्ष प्रकाश ठाकुर ने यह जानकारी एचपीएमसी निदेशक मंडल की 186वीं बैठक में दी। बैठक शुक्रवार शाम को हुई। बोर्ड ने सरकार की तर्ज पर अपने कर्मचारियों को पहली जनवरी 2016 से 6 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने को भी मंजूरी दी।
ठाकुर ने कहा कि इस उपलब्धि से निगम 2015-16 के दौरान घाटे को 6.52 करोड़ से 2.86 करोड़ तक कम करने में सफल रहा है। आगामी वित्त वर्ष में निगम को लाभ की स्थिति में लाने के प्रयास हैं। वर्तमान में सेब सीजन में एचपीएमसी ने मंडी मध्यस्थता योजना में 494.17 लाख के लगभग 7602.665 मीट्रिक टन सेब की खरीद की है। 13 अक्तूबर तक लगभग 458.66 मीट्रिक टन सेब जूस सप्लाई किया है। निगम ने अभी तक कुल्लू जिले में एकमुश्त खरीद आधार पर किसानों से गुणवत्तायुक्त सेबों के लगभग 8000 बख्शों का प्रापण किया है।
जर्मनी की मशहूर कंपनी से खरीदेंगे बागवानी उपकरण
अगले कुछ महीनों में और खरीद की जाएगी। कहा कि निगम ने हाल ही में पतलीकूहल में स्थापित नियंत्रित वातानुकूलित भंडारण (सीए स्टोर) में सभी फलों का भंडारण किया है। अप्रैल से जून 2017 के दौरान इनका विभिन्न परचून मंडियों के माध्यम से विपणन होगा। शिमला के गुम्मा, जड़ोल-टिक्कर, रोहड़ू, ओडी तथा पतलीकूहल में निगम के सीए स्टोरों में थोक क्रेताओं तथा किसानों की ओर से सेब का भंडारण इनकी पूर्ण क्षमता तक कर लिया है।
ठाकुर ने कहा कि निगम गुणवत्ता वाले बागवानी उपकरण खरीदने को जर्मनी की मशहूर कंपनी की सहायक कंपनी स्टिलथ प्राइवेट लिमिटेड से शीघ्र समन्वय स्थापित करेगा। निगम उर्वरकों, खाद, स्प्रे तेल, उपकरणों एवं संबद्ध सामग्री जैसे गुणात्मक कृषि आदानों की खरीद को प्रतिष्ठित कंपनियों और आपूर्तिकर्ताओं के साथ व्यापक प्रबंध कर रहा है। एचपीएमसी के प्रबंध निदेशक जेसी शर्मा ने निगम की विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला।