हिल्स क्वीन शिमला में 15 और 16 अप्रैल को 22 राज्यों और चार देशों के 105 साइकिलिस्ट अपनी साइकलिंग के जौहर दिखाएंगे। 15 अप्रैल से शिमला में दो दिवसीय पांचवीं हीरो एमटीबी हिमालय साइकिल रेस शुरू हो रही है। दो दिन में 120 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। पांच श्रेणियों के बीच मुकाबला होगा। विजेता को 40 हजार रुपये का नकद इनाम और ट्राफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
15 अप्रैल को सुबह नौ बजे शिमला स्थित वुडविला पैलेस होटल से साइकिल रेस शुरू होगी। 16 अप्रैल को सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। साइकिल रेस के आयोजक हिमालयन एडवेंचर स्पोर्ट्स एंड टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन (एचएएसटीपीए) के अध्यक्ष मोहित सूद ने बताया कि रेस में शिमला से 13, मनाली से 5, गुड़गांव से 20, नई दिल्ली से 25, चंडीगढ़ से 8, मुंबई से 3, नोएडा से 3, विशाखापटनम से 4 सहित कई अन्य शहरों से भी साइकिलिस्ट रेस में शामिल होंगे।
ओवरआल विजेता को 40 हजार रुपये, पुरुष, महिला वर्ग के विजेता को 25-25 हजार रुपये और स्टूडेंट श्रेणी के विजेता को 20 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। दो दिनों के दौरान जंगलों, जीप रोड और सर्पीली सड़कों से होकर साइकिलिस्ट गुजरेंगे। 14 से 60 साल तक की आयु के साइकिलिस्ट रेस में भाग ले रहे हैं।
मोहित सूद ने बताया कि उनकी एसोसिएशन उत्तर भारत के 100 स्कूलों में साइकलिंग का प्रशिक्षण भी दे रही है। शिमला शहर के एक स्कूली बच्चे की बीते दिनों साइकिल चलाते समय गिरने से हुई मौत के मामले में उन्होंने बताया कि इस आयोजन के बाद साइकलिंग के सुरक्षा पहलुओं को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
यह रहेगा साइकिल रेस का रूट- पहले दिन वुडविला पैलेस से रिज मैदान, गार्टन कैसल, तारादेवी, शील गांव, आनंदपुर, साधुपुल, जनेड़घाट, दोची और कनेची तक जाएंगे। दूसरे दिन कनेची से रेस शुरू होगी। जनेडघाट से कोटी, मुंडाघाट, चीनी बंगला, संजौली और राजभवन से होते हुए वुडविला पैलेस शिमला में रेस समाप्त होगी।