शिमला। भारी बर्फबारी से जिले के कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे लोगों को कंपकपाती ठंड में परेशानियों का सामना करना पड़ा। बर्फबारी से जिला के जुन्गा, चौपाल और ठियोग उपमंडल में 590 बिजली ट्रांसफर ठप पड़े हैं। लोक निर्माण विभाग के मुताबिक बर्फबारी में जिलेभर की 475 सड़कें अवरुद्ध हुई हैं।
शहर के पॉश एरिया रामचंद्र चौक क्षेत्र में 620 केवी के ट्रांसफर में खराबी आने से जाखू, यूएस क्लब, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति घंटों प्रभावित रही। हालांकि, बोर्ड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद रात 1:30 बजे ही ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कर दिया। वहीं, भारी हिमपात के कारण बिजली लाइनों पर पेड़ों के टूटने का सिलसिला जारी है। सब्जी मंडी, कार्ट रोड और सूजी लाइन सहित शहर के एक दर्जन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति घंटों प्रभावित रही। माइनस डिग्री के तापमान में लोग ठंड में ठिठुरते रहे।
रविवार को ढली-मशोबरा सड़क के अलावा शिमला सर्किल की 37 सड़कों को यातायात के लिए पूर्ण तौर पर बहाल कर दिया है। इसके अलावा देर शाम तक 138 सड़कों से भी बर्फ हटाने का कार्य चला रहा। शहर से सटे ग्रामीण क्षेत्रों की 11 सड़कें अभी भी अवरुद्ध हैं। इसके अलावा शिमला सर्किल की 19, रामपुर की 121 और रोहडू सर्किल की 160 सड़कों को खोलने का कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है। जिले के कई क्षेत्रों में बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से सैकड़ों गांवों में अंधेरा पसर गया है।
सुबह साढ़े पांच बजे ही सड़क से बर्फ हटाने में जुट गए कर्मचारी
शिमला-मंडी हाईवे पर टुटू और तवी मोड़ क्षेत्र में बर्फबारी में फिसलन के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के इंजीनियर एवं कर्मचारी सुबह साढ़े 5 बजे ही हाईवे पर से बर्फ हटाने के कार्य में जुट गए। इस दौरान उपायुक्त आदित्य नेगी ने भी क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एनएचएआई के इंजीनियर केएच नेगी ने बताया कि सड़क पर रेत-बजरी डालने के बाद 9 बजे हाईवे को वाहनों के लिए सुचारु कर दिया गया।
डीसी ने बिजली आपूर्ति बहाल करने के दिए निर्देश
उपायुक्त आदित्य नेगी ने बताया जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मुख्य मार्गों एवं संपर्क मार्गों को यातायात के लिए बहाल करनेे का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। शहर के सभी मुख्य सड़कों को यातायात तथा आवागमन के लिए सुचारु कर दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को बर्फ को साफ करने के साथ-साथ फिसलन वाली जगहों पर रेता फैकने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा बोर्ड को बिजली आपूर्ति बहाल करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि चौपाल, रोहडू, रामपुर एवं ठियोग के मुख्य मार्गों पर से बर्फ हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर चला है।
शिमला ग्रामीण की एक दर्जन सड़कें अवरुद्ध
हिमपात के कारण शिमला ग्रामीण की एक दर्जन सड़कें अवरुद्ध हुई है। इनमें कुफरी बाजार रोड, कुफरी चीनीबंगला मुंडाघाट, शिलोंबाग चैल रोड, जंगल जटोल से जटोल, शिलोबाग दरभोग, कोटी रोहल्टी सतलाई, कोटी जंग, छलंदा पीरन रोड, छलंदा लिंक रोड और जनेडघाट डबलू रोड शामिल हैं।