अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में छात्राओं को अब 24 घंटे लाइब्रेरी के शांत माहौल में पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी। छात्राएं यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर सकेंगी। स्कूल प्रबंधन ने 4.90 लाख रुपये खर्च कर आधुनिक सुविधाओं से लेस पुस्तकालय का निर्माण करवाया है। स्कूल को मॉडल स्कूल का दर्जा मिलने पर 3.75 लाख रुपये सरकार की तरफ से मिले थे। इस राशि का इस्तेमाल भी लाइब्रेरी निर्माण में किया है।
लाइब्रेरी में एकसाथ 70 छात्राएं बैठ सकेंगी। बड़े शिक्षण संस्थानों के पुस्तकालय की तर्ज पर इस पुस्तकालय में बाकायदा आमने सामने बैठने वाली छात्राओं का ध्यान भंग न हो, टेबल के बीच में प्लाईबोर्ड लगा है। पुस्तकालय में 8,636 पाठयक्रम और जमा दो स्तर पर होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें रखी गई हैं। स्कूल प्रशासन ने पुरानी लोहे की अलमारियों के स्थान पर पुस्तकालय हाल में उपलब्ध जगह का भरपूर इस्तेमाल करने लिए दीवारों में ही लकड़ी की वार्निश की हुई अलमारियों का निर्माण करवाया है। रोचक बात यह है कि विभाग की ओर से मॉडल स्कूल के पुस्तकालय को मिली 3.75 लाख की राशि के अलावा 1.15 लाख स्कूल को विभिन्न संस्थाओं और स्कूल की पूर्व छात्राओं और शहर के बुद्धिजीवी लोगों से एकत्र कर खर्च किया है। पुस्तकालय में 24 घंटे छात्राओं के लिए स्टाफ तैनात रहता है। 24 घंटे पुस्तकालय में पढ़ाई की सुविधा देने वाला पोर्टमोर गर्ल्स स्कूल शहर पहला सरकारी स्कूल बन गया है।
लोगों के सहयोग से हुआ संभव : प्रधानाचार्य
पोर्टमोर गर्ल्स स्कूल के प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार सूद ने कहा कि शहर के बुद्धिजीवियों के आर्थिक सहयोग से यह संभव हो पाया है। पुस्तकालय में अब छात्राएं देर रात तक बैठकर पढ़ाई करने लगी हैं। इससे निश्चित तौर पर उनका पुस्तकों के प्रति लगाव बढ़ा है और वे बेहतर ढंग से पढ़ाई करने लगी है। कहा कि यूको बैंक की ओर से पुस्तकालय में तीन हीटर देने की घोषणा की गई है जिसके लग जाने पर सर्द मौसम में भी छात्राएं यहां बैठ कर पढ़ाई कर सकेंगी।
लोग बुक बैंक में दे सकते हैं पुरानी किताबें
स्कूल प्रशासन ने लोगों से पुस्तकालय में जमा दो स्तर की प्रतियोगी परीक्षा के लिए उपयोगी घरों में पड़ी किताबों को देने की अपील जारी की है। इसमें नगर निगम के पूर्व आयुक्त एमपी सूद ने किताबें दान कर शुरुआत भी की है। इसके अलावा और बहुुत से लोग खरीद कर भी छात्राओं के लिए अच्छी किताबें देने की इच्छा जाहिर कर रहे है।
स्कूल को भेंट किया वाटर प्यूरिफायर
शिमला। स्कूल को पूर्व लोनिवि अधिकारी राम गोपाल सूद ने 350 लीटर क्षमता वाला कामर्शियल वाटर प्यूरिफायर भी भेंट किया है। इसे कैंपस में लगाया है। इससे छात्रावास की छात्राओं सहित डे स्कॉलर भी पानी इस्तेमाल करने लगी है।