अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। दार्जिलिंग की तर्ज पर अब शिमला में भी रेलवे की ज्वॉय राइड स्पेशल ट्रेन शुरू हो गई है। वीरवार को लोकसभा सांसद वीरेंद्र कश्यप, मेयर कुसुम सदरेट, डिप्टी मेयर राकेश कुमार शर्मा और उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विश्र्वश चौबे ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। स्पेशल ट्रेन ज्वॉय राइड का आगामी 28 फरवरी तक संचालन होगा। पहले दिन ज्वॉय राइड में शिमला से शोघी के बीच 49 यात्रियों ने सफर किया। इनमें दो विदेशी भी शामिल थे। स्पेशल ट्रेन में सात कोच लगाए गए थे। छह रेलकार कोच थे जबकि एक एसएलआर कोच था।
शिमला और शोघी के बीच ज्वॉय राइड के तौर पर शिवालिक डीलक्स एक्सप्रेस गाड़ी चलाई गई। इस गाड़ी में चेयर कार कोच लगाए गए थे। इस विशेष ट्रेन ने शिमला से शोघी की दूरी तय करने में करीब एक घंटे का समय लिया। रेलवे ने गाड़ी की ऑनलाइन बुकिंग की भी सुविधा उपलब्ध करवाई है। शिमला से शोघी का एक तरफ का किराया 260 रुपये तय किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक अंबाला दिनेश चंद शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंबाला प्रवीण गौड़ दिवेदी, नगर निगम शिमला के सहायक आयुक्त प्रशांत सरकैक, उप निदेशक पर्यटन विभाग सुरेंद्र जस्टा सहित अन्य अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
---
यह है ज्वॉय राइड ट्रेन का टाइम टेबल
शिमला से रवानगी 12:45
शोघी पहुंचने का समय 01:50
शोघी से रवानगी 2:20
शिमला पहुंचने का समय 3:30
---
पाषर्दों का फोटो का चस्का, कार्यक्रम खत्म होने के बाद चढ़ गए मंच पर
नगर निगम के पार्षदाें को सत्ता में आए करीब सात महीने हो गए हैं, लेकिन अभी तक फोटो खिंचवाने का चस्का कम नहीं हुआ। वीरवार को ट्रेन रवाना होने के बाद मंच से कार्यक्रम खत्म होने की घोषणा कर दी गई। सांसद वीरेंद्र कश्यप, मेयर कुसुम सदरेट, डिप्टी मेयर राकेश कुमार शर्मा सहित रेलवे अधिकारी मंच से नीचे उतर गए, कि तभी कार्यक्रम में मौजूद नगर निगम पार्षदों को फोटो खिंचवाने की याद आ गई। एक एक कर पार्षद मंच पर चढ़ गए और मोबाइल में फोटो खिंचवाने का दौर शुरू हो गया। दो घंटे के भीतर ही कुछ पार्षदों ने अपने फेसबुक पेज और व्हट्सऐप डीपी पर रेलवे के कार्यक्रम की फोटो अपडेट भी कर दी।