अमर उजाला ब्यूरो
सुन्नी (शिमला) सुन्नी में दो छात्राओं के सतलुज में कूदने के मामले में नया मोड़ आया है । होश में आने के बाद छात्रा ने मंगलवार को पुलिस को बयान दिया कि उसकी सहेली मंदिर की सीढ़ियों पर पांव फिसलने से से नदी में गिर गई। उसका मोबाइल हाथ से गिर गया, इसे पकड़ने के लिए भागी और नदी में जा गिरी। सहेली को बचाने के लिए उसने भी नदी में छलांग लगा दी। उसने उसका हाथ पकड़ लिया था लेकिन पानी के तेज बहाव में अचानक हाथ छूट गया। वह मदद के लिए चिल्लाई तो आवाज सुनने के बाद कुछ लोग बचाव के लिए पहुंचे। उसके बाद क्या हुआ उसे पता नहीं। वह बेहोश हो गई थी। मंगलवार सुबह जब होश आया तो वह अस्पताल में थी।
इधर, दूसरी छात्रा का कोई सुराग नहीं लग पाया है। स्थानीय गोताखोर की भी मदद ली गई। जिस जगह हादसा हुआ। वहां पर पंद्रह से बीस फीट की गहराई बताई जा रही है। सोमवार शाम पांच बजे पुलिस को सूचना दी गई थी कि काली घाटी मंदिर के पास दो छात्राओं ने नदी में छलांग लगाई है। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश ने कहा कि छात्रा की हालत सामान्य है। उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई है। उसका उपचार चल रहा है। एसपी शिमला सौम्या सांबशिवन ने कहा कि मामले की हर पहलू पर जांच की जा रही है।