यात्रियों को भूखे पेट पूरी रात वाहनों के भीतर गुजारनी पड़ी। यात्रियों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
- फोटो : अमर उजाला
रोहतांग दर्रा में वीरवार को बर्फीले तूफान में लाहौल स्पीति के डीसी विवेक भाटिया के परिवार समेत करीब 50 लोग फंसे रहे। रेस्क्यू दल ने रात लगभग 12:00 बजे डीसी के परिवार को सुरक्षित कोकसर पहुंचाया। हालांकि, बाकी लोगों को शुक्रवार सुबह सुरक्षित निकालकर मनाली भेजा गया।
बर्फीले तूफान में फंसे वाहनों को धक्का देने के लिए गाड़ियों से बाहर निकलना मुमकिन नहीं था। लिहाजा, यात्रियों को भूखे पेट पूरी रात वाहनों के भीतर गुजारनी पड़ी। यात्रियों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। टैक्सी चालक सुरेश, अमर और विवेक ने बताया कि लाहौल से मनाली जाने वाले लगभग 17 वाहनों को कोकसर में देर रात तक रोका गया।
रोहतांग दर्रा में फंसे उपायुक्त के परिजनों को कोकसर पहुंचाने के बाद ही इन वाहनों को रोहतांग की तरफ छोड़ा गया। यात्री राकेश, अमित, कर्म सिंह ने बताया कि वाहनों का काफिला जैसे ही आधी रात डेढ़ बजे रोहतांग टॉप पहुंचा, वहां बर्फीला तूफान चल रहा था।