पुलिस के अनुसार नालागढ़ के वार्ड-छह में रहने वाले रविकांत ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उसे एक फोन कॉल आई। इसमें फोन करने वाले व्यक्ति ने उसे धमकी दी कि उसके पास उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो हैं। इसके अलावा उसके परिजनों और रिश्तेदारों के कांटेक्ट नंबर भी हैं।
शातिर ने धमकी दी कि यदि भेजे गए यूपीआई व मोबाइल नंबरों पर पैसा जमा नहीं करवाया तो सारी फोटो वह रिश्तेदारों को भेज देगा। शिकायतकर्ता ने धमकी से डर से 22 दिसंबर से 6 मई तक शातिर को कुल 50 लाख रुपये इन नंबरों पर भेजे। इसके बाद भी शातिर उसे ब्लैकमेल करता रहा। इसके बाद इसकी शिकायत पुलिस को दी गई।
ऐसी काॅल आए तो घबराएं नहीं, तुरंत पुलिस को दें सूचना
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने आम जनता से अनुरोध किया है कि अगर मोबाइल फोन पर इस तरह की कोई कॉल आती है और कॉलर पैसे की मांग करता है या आपकी निजी जानकारी मांगता है, तो उसे कोई भी जानकारी न दें। घबराएं नहीं, तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।