हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन के अंतर्गत सयोटी गांव में करंट लगने से मां-बेटी की मौत हो गई। दोनों की मौत टुल्लू पंप की चपेट में आने से हुई।
जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर को रेखा शर्मा (26) पत्नी मनोहर लाल अपनी पांच साल की बेटी पायल और दो वर्षीय बेटे को बाथरूम में नहला रही थी।
बाथरूम में टुल्लू पंप भी लगा हुआ था। इस दौरान पायल का हाथ टुल्लू पंप के साथ लग गया। इससे पायल करंट की चपेट में आ गई। रेखा ने अपने बेटी पायल को करंट से बचाने का प्रयास किया लेकिन वह खुद भी चपेट में आ गई। इसके चलते दोनों मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
हालांकि रेखा का दो वर्षीय बेटा कुछ दूरी पर था। वह करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया है। रेखा का पति डीटीसी दिल्ली में चालक के पद पर कार्यरत है। मृतका अपने पीछे दो और सात साल के दो बेटे छोड़ गई है।
थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम करवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहसीलदार अनिल मनकोटिया ने बताया कि पटवारी को मौके पर भेजकर रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं।