कोरोना से बचाव के लिए देशभर में लॉकडाउन के दौरान वित्तीय संकट से बचाने के लिए प्रदेश की जनधन खाता धारक 6.35 लाख महिलाओं में से 5.80 लाख के बैंक खातों में 500-500 रुपये पहुंच गए हैं। छह दिनों के दौरान बैंकों ने पात्र महिलाओं के खातों में केंद्र से जारी वित्तीय सहायता पहुंचा दी है। प्रदेश में कुल 6.35 लाख महिलाओं को यह राशि तीन माह तक मिलनी है।
तीन से नौ अप्रैल तक 5.80 लाख महिलाओं के खातों में धनराशि डालने का काम पूरा हो गया है। शेष के खातों में एक-दो दिन के भीतर यह राशि पहुंच जाएगी। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के संयोजक जेएन कश्यप ने बताया कि जनधन खाता धारक महिलाओं को अप्रैल 2020 से तीन माह के लिए 500 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। इस राशि की पहली किश्त की अदायगी दो अप्रैल से शुरू कर दी है। भारत सरकार की घोषणा के तहत यह राशि दी जा रही है। उन्होंने बताया कि अधिकांश बैंकों ने लक्ष्य पूरा कर लिया है। शेष की प्रक्रिया जारी है।
सहकारी बैंकों के 35 हजार खाताधारकों को कल से मिलेगा पैसा
प्रदेश के तीन सबसे बड़े सहकारी बैंकों की जनधन खाता धारक महिलाओं के बैंक खातों में पैसा अभी तक नहीं आया है। राज्य सहकारी बैंक में 18349, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक में 15732 और जोगिंद्रा बैंक में 1616 जनधन खाता धारक महिलाएं हैं।
करीब 35 हजार इन महिलाओं के खातों में अभी तक यह पैसा नहीं डाला गया है। राज्य सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक डॉ. पंकज ललित ने बताया कि उनके बैंक को अभी पैसा जारी नहीं हुआ है। सोमवार तक उनके पास यह धनराशि पहुंचने का अनुमान है। धनराशि प्राप्त होते ही पात्र महिलाओं के खातों में पैसा डाल दिया जाएगा।