सरकार ने प्रदेश के चार जिलों में 44 साइटों के खनन पट्टों की नीलामी की तारीख तय कर दी है। शिमला के रोहड़ू और चौपाल में 28 दिसंबर को चार साइटों के खनन पट्टे नीलाम होंगे। जनवरी के पहले हफ्ते में कांगड़ा, सिरमौर और बिलासपुर में साइटों की नीलामी की जाएगी। हमीरपुर, चंबा और ऊना में 31 खनन साइटों की नीलामी का मामला सरकार की मंजूरी को भेजा गया है।
जिन चार जिलों में खनन साइटों की नीलामी 28 दिसंबर को होगी। उनमें शिमला के रोहड़ू में एक पब्बर और चौपाल की तीन साइटें सरलावी खड्ड एक, दो और तीन की हैं। इनकी नीलामी उद्योग विभाग के परिसर में सुबह 11 बजे होगी। बिलासपुर की 9 साइटों की खनन पट्टों की नीलामी 7 जनवरी, 2020 को होगी। कांगड़ा की न्यूगल में 14 साइटों की नीलामी 9 जनवरी को होगी। सिरमौर में 17 साइटों की खनन पट्टे की नीलामी 10 जनवरी को होगी।
खनन पट्टों की नीलामी संबंधित जिला मुख्यालयों में होगी। जियोलॉजिस्ट पुनीत गुलेरिया ने कहा कि चार जिलों की 44 साइटों में खनन पट्टों की नीलामी दिसंबर और जनवरी में होगी। तीन जिलों की 31 साइटों की नीलामी की मंजूरी का मामला सरकार को भेजा है। नीलामी के बाद 25 फीसदी नीलामी राशि अग्रिम जमा करनी होगी। दो साल की अवधि वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की मंजूरी को समय दिया जाएगा।
साइटों की नीलामी कमेटी के समक्ष होगी
संबंधित जिलों की गठित कमेटी की मौजूदगी में नीलामी होगी। आईपीएच, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, खनन विभाग सहित अन्य अधिकारियों को कमेटी में रखा गया है।
तीन अन्य जिलों में नीलामी की मंजूरी मांगी
तीन अन्य जिलों की 31 साइटों के खनन पट्टों की नीलामी की जानी है। नीलामी की मंजूरी का मामला सरकार को भेजा गया है। हमीरपुर में 12, चंबा 13 और ऊना में 6 खनन पट्टों की नीलामी की जानी है।