माता शबरी महिला सशक्तिकरण योजना के तहत जिले में अब तक 409 महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन स्वीकृत किए जा चुके हैं। यह जानकारी मंगलवार को उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने दी।
उपायुक्त ने बताया कि इस योजना के तहत 5 लाख 31 हजार रुपये की उपदान राशि स्वीकृत की जा चुकी है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के घरेलू कार्यों के लिए लकड़ियां एकत्रित करने जैसे शारीरिक श्रम से राहत व पर्यावरण में सुधार लाना है।
हर साल विधानसभा क्षेत्र के 75 लाभार्थियों को इस योजना के तहत लाभान्वित करने का प्रावधान है। राज्य सरकार द्वारा ‘माता शबरी महिला सशक्तिकरण योजना’ के तहत ये सुविधा दी जा रही है।
इसमें गरीबी रेखा से नीचे रह रही अनुसूचित जाति के परिवारों की महिलाओं को एलपीजी गैस कनेक्शन एवं चूल्हा खरीदने के लिए कुल लागत के 25 प्रतिशत राशि दी जाती है।