400 खिलाड़ियों ने एक दिन में छह हजार घर सैनिटाइज किए।
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए मंडी जिले में खिलाड़ियों ने मानवता की मिसाल पेश की है। एथलेटिक सेंटर जोगिंद्रनगर के 400 खिलाड़ियों ने एक दिन में 6000 घरों को सैनिटाइज कर दिया। इसके लिए खिलाड़ियों ने सात घंटे अभियान चलाया। खिलाड़ियों की विभिन्न टीमों ने मंडी जिले के सरकाघाट, धर्मपुर, संधोल, मंडप, कोटली, चौंतड़ा और जोगिंद्रनगर में घरों को सैनिटाइज किया। खिलाड़ियों के इस मानवता के कार्य की प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों ने भी खूब प्रशंसा की।
सैनिटाइजेशन अभियान में राष्ट्रीय स्तर पर धाक जमाने वाली धाविका तमन्ना, अंजना, शालू और धावक प्रवीण, राहुल, रोहित विशेष रूप से शामिल रहे। मंगलवार सुबह दस बजे से देर शाम पांच बजे तक जारी सैनिटाइजेशन के इस अभियान की मानीटरिंग ऑनलाइन की गई। खेल प्रशिक्षक गोपाल ठाकुर के नेतृत्व में चलाए गए सैनिटाइजेशन कार्यक्रम के तहत जिले भर के चिह्नित क्षेत्रों के हर गांव में संक्रमित परिवारों के घरों को सबसे अधिक तवज्जो दी गई।
इसके अलावा सार्वजनिक कार्यालयों को भी सैनिटाइज किया गया। प्रत्येक खिलाड़ी को 15 से अधिक संक्रमित परिवारों के घरों को सैनिटाइज करने का जिम्मा सौंपा गया था। सैनिटाइज डे पर जिले भर में जारी रहे इस अभियान की सराहना प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी की गई। स्वयं एसडीएम अमित मेहरा ने एथलेटिक सेंटर के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें वीडियो कॉलिंग के माध्यम से प्रोत्साहित किया।
सैनिटाइज डे पर एथलेटिक सेंटर के चार सौ खिलाड़ियों ने एक दिन में 6 हजार घरों को सैनिटाइज कर रिकॉर्ड कायम किया है। प्रत्येक खिलाड़ी को 15 से अधिक घरों को सैनिटाइज करने का दायित्व सौंपा गया था।
-गोपाल ठाकुर, खेल प्रशिक्षक, एथलेटिक सेंटर जोगिंद्रनगर