सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीसी ने दिए निर्देश, बोले, एसडीएम की होगी एक्सग्रेशिया दिलाने की जिम्मेदारी
विज्ञापन
प्रभावित एसडीएम शहरी से सीधा कर सकते हैं संपर्क
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में मौत होने पर परिजनों को 15 दिन के भीतर एक्सग्रेसिया राशि देनी होगी। इसकी जिम्मेदारी संबंधित एसडीएम की होगी। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सोमवार को आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यह निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की वजह से मृत्यु होने पर चार लाख रुपये एक्सग्रेसिया राशि मिलती है। इसको समय पर पीड़ित परिवार को जारी करने की जिम्मेदारी से संबंधित क्षेत्र के एसडीएम की रहेगी। एसडीएम को 15 दिन के भीतर एक्सग्रेसिया प्रभावितों तक पहुंचाने का कार्य करना होगा। उपायुक्त ने कहा कई बार देखा गया है कि कि बहुत से मामलों में लोगों को कई-कई दिन तक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इस वजह से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा उपायुक्त ने जिलेभर से सड़क दुर्घटनाओं के शिमला के अस्पतालों में रेफर होकर आने वाले घायलों को वित्तीय एवं अन्य सहायता प्रदान करने के लिए एसडीएम शहरी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। प्रभावित एसडीएम शहरी के कार्यालय से सीधा संपर्क कर सकते हैं, जिससे प्रभावितों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला शिमला में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और सड़क सुरक्षा प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में सड़क सुरक्षा समिति का दायरा बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
विज्ञापन
सड़क सुरक्षा समिति अब हर एसडीएम के नेतृत्व में उपमंडल स्तर पर कार्य करेगी। इस समिति में एक्सइएन, डीएसपी और अन्य हितधारक शामिल किए जाएंगे। पहले केवल जिला स्तर पर ही सड़क सुरक्षा समिति होती थी लेकिन लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित एवं जागरूक करने के लिए इसे उपमंडल स्तर तक सक्रिय करने का निर्णय लिया है, जिससे लोगों को यातायात नियमों, सड़क दुर्घटनाओं से बचने और गोल्डन ऑर्वस में घायलों की मदद करने में अग्रणी भूमिका निभाने पर कार्य किया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और सुरक्षित यातायात को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 1 से 31 जनवरी व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा सहित अन्य हितधारक मौजूद रहे।
जिले में सड़क हादसों में 102 लोगों की मौत
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विश्व मोहन देव चौहान ने बताया कि राज्य में वर्ष 2025 में 1920 सड़क दुर्घटनाएं हुईं जिसमें 789 लोगों की मौत हुई और 3030 लोग घायल हुए। जिला शिमला में 268 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इसमें 102 लोगों की मौत और 436 लोग घायल हुए हैं। बालूगंज थाना के तहत सबसे अधिक 40 दुर्घटनाएं हुईं और 10 लोगों की मौत हुई। रोहड़ू थाना के तहत 33 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिसमें 8 मौतें हुईं। न्यू शिमला थाना के तहत 21 दुर्घटनाएं हुईं जिसमें 6 लोगों की मौत हुई है। ठियोग में 21 सड़क दुर्घटनाएं और 7 लोगों की मौत, कुमारसैन में 18 सड़क दुर्घटनाएं और 10 मौतें हुई हैं। सड़क दुर्घटनाओं का शहरी क्षेत्र में पीक टाइम शाम 6:00 बजे से रात 12:00 बजे तक और ग्रामीण क्षेत्रों में दोपहर 3:00 से रात 9:00 बजे तक दर्ज किया गया।