दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू की छानबीन अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने तारादेवी और ब्यूलिया बाईपास में दो अलग-अलग मामलों में 26 ग्राम चिट्टे के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला तारादेवी क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 18 अक्तूबर को स्पेशल सेल शिमला की टीम को सूचना मिली कि क्षेत्र में एक कार में सवार युवकों के पास नशीला पदार्थ है। सूचना के आधार पर टीम ने तारादेवी में कार को रोककर उसकी तलाशी ली। इस दौरान कार से 20 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने कार सवार तीनों युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में मनोज कुमार (20) निवासी चक्कर शिमला लखविंद्र सिंह (36) निवासी तारादेवी शिमला एवं मूल निवासी होशियारपुर पंजाब और सौरव कश्यप (29) निवासी झालगी तारादेवी शिमला शामिल है।
विज्ञापन
पुलिस तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेशकर रिमांड प्राप्त करने के बाद नशा तस्करी से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच करेगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लाए थे और इसे कहां ले जाने की फिराक में थे। दूसरा मामला छोटा शिमला थाना क्षेत्र के ब्यूलिया बाईपास का है। पुलिस के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर ब्यूलिया बाईपास के पास एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ली तलाशी के दौरान कार की अगली यात्री सीट के नीचे रखे फुटमैट से छह ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने इस मामले में चमियाना निवासी सुरेंद्र (33) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एएसपी मेहर पंवार ने बताया कि पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी पहलुओं के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। नशे के स्रोतों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। शिमला पुलिस नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।