निर्विरोध पंचायतों पर सरकार को देने होंगे 8.75 करोड़
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिला शिमला में पंचायत चुनावों की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। नामांकन वापसी की अंतिम प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले की 35 पंचायतें निर्विरोध चुन ली गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अनुपम कश्यप ने यह जानकारी दी है।
जिले की 406 पंचायतों में अब प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के लिए मतदान होगा। हालांकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए सभी पंचायतों में लोगों को वोट डालने होंगे। प्रधान और उपप्रधान सहित विभिन्न पदों के लिए करीब 8600 उम्मीदवार चुनावी मैदान में डटे हुए हैं।
शुक्रवार को नामांकन वापसी के अंतिम दिन के बाद स्थिति स्पष्ट होते ही जिलाभर के गांव-गांव में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। इस बार पंचायत चुनाव में भारी उत्साह देखने को मिला है।
प्रदेश सरकार की ओर से निर्विरोध चुनी जाने वाली पंचायतों के लिए की गई घोषणा का असर भी इस बार चुनाव में देखने को मिला है। सरकार ने एलान किया था कि निर्विरोध चुनी गई पंचायतों को 25-25 लाख रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। जिला शिमला में 35 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं, ऐसे में सरकार को करीब 8 करोड़ 75 लाख रुपये जारी करने होंगे। यह राशि पंचायतों में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन, स्वच्छता और अन्य विकास कार्यों पर खर्च की जा सकेगी। सरकार का भी मानना है कि इससे पंचायतों में आपसी सौहार्द बढ़ेगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने घोषणा की थी कि विधायक निधि से विधानसभा क्षेत्र की निर्विरोध पंचायतों को अतिरिक्त 15 लाख रुपये देंगे।