टूरिस्ट सीजन के लिए उत्तर रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेन, शिमला आ रही अन्य ट्रेनें भी चल रही हैं पैक
विज्ञापन
कालका से दोपहर 12:30 बजे चली ट्रेन, शिमला 6:10 बजे पहुंची संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। विश्व धरोहर कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर वीरवार से समर स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू हो गया। पहले दिन स्पेशल ट्रेन से 36 सैलानी कालका से सफर कर हिल्स क्वीन शिमला पहुंचे। इसके अलावा अन्य ट्रेनें भी पैक होकर शिमला पहुंचीं।
टूरिस्ट सीजन के लिए उत्तर रेलवे की ओर से हर वर्ष यह स्पेशल ट्रेन चलाई जाती है। इस वर्ष सैलानियों को समर स्पेशल ट्रेन की सुविधा 15 जुलाई तक मिलेगी। स्पेशल ट्रेन कालका से दोपहर 12:30 बजे 04503 नंबर के साथ शिमला के लिए चली और शिमला स्टेशन में शाम 6:10 बजे पहुंची। वापसी में 04504 नंबर के साथ ट्रेन रात 8:20 बजे चली और देर रात 1:10 बजे कालका पहुंचीं। शिमला से कालका से लिए ट्रेन खाली गई। रेलवे की ओर से सात डिब्बों वाली यह ट्रेन रिजर्व चलाई गई है। जरनल कोच में कालका से शिमला तक का किराया 100 रुपये और फर्स्ट क्लास कोच का किराया 795 रुपये है। रेलवे ने समर टूरिस्ट सीजन के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई है। गर्मियों की छुट्टियों में बड़ी संख्या में सैलानी रेल मार्ग से शिमला आ रहे हैं। वीकेंड पर कालका से शिमला के लिए सभी ट्रेनें पैक हैं। ट्रेनों में वेटिंग के चलते सैलानियों को मनपसंद सीटों की बुकिंग करवाने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। 10 मई को भी कालका से शिमला के लिए सभी ट्रेनें पैक हैं। हिमालयन क्वीन में 25 से 33 वेटिंग, कालका शिमला एक्सप्रेस में 15 वेटिंग हैं।