अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में बीते कई वर्षों में जहां जुए का कारोबार कुछ हद तक थमा था, वहीं इस बार की पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर जुआरियों को दबोचा है। बीते रविवार से रामपुर पुलिस ने जुआरियों पर कार्रवाई करते हुए 19 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है। बुधवार रात को पुलिस ने रामपुर के साथ लगती पोशना पंचायत में छापेमारी कर साढ़े 18 लाख रुपये की नकदी पकड़ी।
गौर हो कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की आड़ में रामपुर, साथ लगते जगातखाना, ब्रौ, पोशना पंचायतों में हर वर्ष जुए का धंधा खूब फलता-फूलता है। दूर-दूर से जुआरी यहां जुआ खेलने पहुंचते हैं। हालांकि बीते कुछ वर्षों में जुए के मामलों में कमी आई थी, लेकिन इस वर्ष क्षेत्र में फिर से जुआरी सक्रिय हो गए हैं।
रामपुर पुलिस की टीम ने बुधवार देर रात को पोशना पंचायत में एक घर में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने यहां जुआ खेल रहे 35 जुआरियों को रंगे हाथों दबोचा। पुलिस ने इनसे 18 लाख 38 हजार 610 रुपये की नकदी भी बरामद की। पुलिस के अनुसार, यह जुआरियों से पकड़ी गई अब तक की सबसे बड़ी राशि है।
इससे पहले रामपुर पुलिस ने रविवार को रामपुर के साथ लगती भड़ावली कैंची में पांच जुआरियों से 24200 रुपये, ननखड़ी की शोली पंचायत में जुआरियों से 24230 रुपये और लोअर डकोलढ़ में पांच जुआ खेल रहे लोगों से 16380 रुपये बरामद किए थे।
डीएसपी रामपुर शिवानी महला ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पोशना पंचायत में पुलिस टीम ने 35 जुआरियों को जुआ खेलते हुए दबोचा है। पुलिस ने सभी आरोपियों पर पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।