पोर्टमोर स्कूल में 31वीं चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस
- फोटो : संवाद
31वीं चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का उद्घाटन राजकीय वरिष्ठ कन्या माध्यमिक विद्यालय पोर्टमोर में प्राथमिक उपनिदेशक खेम राज भंडारी ने मंगलवार को किया। इस अवसर पर चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस के जिला साइंस सुपरवाइजर पंकज शर्मा, जिले के कोऑर्डिनेटर, पोर्टमोर स्कूल प्रधानाचार्य राखी पंडित, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक व जिला भर से आए हुए 500 विद्यार्थी भी मौजूद रहे।
चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस के इस सत्र में मॉडल प्रदर्शन, विज्ञान स्किट, विज्ञान गतिविधि, गणित ओलंपियाड, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, प्रोजेक्ट रिपोर्ट आदि में विद्यार्थी भाग लेंगे। इस अवसर पर डॉ. आशिमा ने गणित को आसान तरीके से सीखने के महत्व पर प्रकाश डाला और इसे रुचिकर बनाने के लिए कथक नृत्य की प्रस्तुति के माध्यम से गणित सीखने के गुर बताए।
31वीं साइंस कांग्रेस अगले तीन दिन तक चलेगी। इसमें जिला भर के स्कूलों से आए हुए प्रतिभागी छह तरह की गतिविधियों में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम का समापन 9 नवंबर को होगा। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर मुख्य अतिथि होंगे और विजेताओं को पुरस्कार वितरित करेंगे।