राजधानी शिमला में एचआरटीसी के बंद पड़े करीब दो दर्जन रूट जल्द बहाल होेंगे। इससे लोगों को राहत मिलेगी। एचआरटीसी शिमला लोकल डिपो को नई भर्ती के बाद 96 कंडक्टर मिले हैं। लोकल डिपो के तहत ओल्ड बस स्टैंड, संजौली और न्यू शिमला सेक्टरों को मांग के अनुरूप कंडक्टर दिए जाएंगे।
तीनों ही सेक्टरों में कंडक्टरों ने ज्वाइनिंग देनी शुरू कर दी है। रविवार से कंडक्टरों की ट्रेनिंग शुरू कर दी जाएगी। ट्रेनिंग के दौरान यह नए कंडक्टर स्थायी कंडक्टरों के साथ ड्यूटी देंगे और इसके बाद स्वतंत्र रूप से बसों में चढ़ा दिए जाएंगे।
मौजूदा समय में कंडक्टरों की कमी के कारण शिमला लोकल डिपो के रूट प्रभावित हो रहे हैं। कई रूटों पर जहां डबल शिफ्ट में बसों का संचालन किया जाना चाहिए सिंगल शिफ्ट में ही बसें चलाई जा रही हैं। अगले हफ्ते से एचआरटीसी की बस सेवा में सुधार होना शुरू हो जाएगा।
डिपुओं में नए कंडक्टरों को दी गई तैनाती
डिपुओं को नए कंडक्टरों को तैनाती दे दी गई है। 15 दिन की ट्रेनिंग के बाद नए कंडक्टरों को रूटों पर भेजना शुरू कर दिया जाएगा। अतिरिक्त कंडक्टर मिलने से बस सेवा में सुधार होगा और यात्रियों को लाभ मिलेगा।
- कंवर अवतार सिंह, मंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी
आईएसबीटी-ओल्ड बस स्टैंड के बीच बढ़ेगी सेवा
नए कंडक्टर मिलने के बाद टूटीकंडी आईएसबीटी और ओल्ड बस स्टैंड के बीच बस सेवा बढ़ाई जाएगी। मौजूदा समय में इस रूट पर हर आधे घंटे में बस सेवा संचालित की जा रही है। अतिरिक्त कंडक्टर मिलने के बस सेवा की फ्रीक्वेंसी 15 मिनट हो जाएगी।
मुद्रिका रूट पर बढ़ेगी सर्विस
कंडक्टरों की कमी के कारण शहर में मुद्रिका रूट पर एचआरटीसी डिमांड के मुताबिक बस सेवा उपलब्ध नहीं करवा पा रहा था। कंडक्टर मिलने के बाद अब मुद्रिका रूट पर क्लॉक वाइज और एंटी क्लॉक वाइज बस सेवा में बढ़ोतरी की जा सकेगी।
इन रूटों पर सुधरेगी बस सेवा
कंडक्टर मिलने के बाद ढली-संजौली, ढली-आईएसबीटी, ओल्ड बस स्टैंड-तारादेवी मंदिर, आईएसबीटी-न्यू शिमला, आईएसबीटी-मैहली, ओल्ड बस स्टैंड-न्यू शिमला सेक्टर 3, ओल्ड बस स्टैंड-कालोनी, ओल्ड बस स्टैंड-न्यू शिमला सेक्टर 4, ओल्ड बस स्टैंड-पंथाघाटी, ओल्ड बस स्टैंड-पगोग, ओल्ड बस स्टैंड-छोटा शिमला-कसुम्पटी, ढली-ओल्ड बस स्टैंड, ओल्ड बस स्टैंड-विकासनगर, ओल्ड बस स्टैंड-मैहली, संजौली-जतोग सहित ओल्ड बस स्टैंड से शहर के बाहर ग्रामीण क्षेत्रों में चलने वाली बस सेवा में सुधार होगा।
तारादेवी डिपो को 46 कंडक्टर, सुधरेगी सेवा
एचआरटीसी के तारादेवी डिपो को 46 नए कंडक्टर मिलेंगे जिससे ऊपरी शिमला में एचआरटीसी की बस सेवा में सुधार होगा। शिमला से कोटखाई और चौपाल सहित अन्य ग्रामीण रूटों पर जहां बसें कंडक्टरों की कमी के चलने रवाना नहीं हो पा रही थी, वहां बस सेवा सुधरेगी।