गुरुद्वारा साहिब श्री गुरु सिंघ सभा शिमला में शुक्रवार को श्री गुरु अर्जुन देव जी महाराज का 412वां पावन शहीदी दिवस मनाया। इस अवसर पर दोपहर दो बजे के करीब गुरुद्वारा साहिब से श्री गुरुग्रंथ साहिब जी महाराज एवं गुरुदेव पंज प्यारों की अगुवाई में नगर-कीर्तन निकाला गया।
सैकड़ों की तादाद में एकत्र हुए स्कूली बच्चे एवं सिख समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया। यह नगर कीर्तन राम बाजार, लोअर बाजार से होता हुआ डीसी ऑफिस पहुंचा। इसके बाद लोअर बाजार और शेरे पंजाब होते हुए खेल परिसर पहुंचा। यहां पर दीवान सजाया गया और नगर-कीर्तन किया गया।
वहीं, दूसरी ओर सीटीओ के पास अमृतसर से आए गतका दलों ने कृपाण सखी और डंणकण के हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित किया। गुरुद्वारा साहिब श्री गुरु सिंघ सभा के प्रधान जसविंद्र सिंह ने बताया कि इस अवसर पर लोगों के लिए जगह-जगह ठंडे पेय पदार्थों का इंतजाम किया गया था।
जबकि, लोगों को लंगर में खिचड़ी भी परोसी की गई। भाई गुरकीत सिंह जी और ज्ञानी बलदेव सिंह जी खालसा ने कीर्तन किए। इसके अलावा जोनल गुरुद्वारा वेलफेयर आर्गेनाइजेशन के जत्थे ने कीर्तन किया।
इस अवसर पर बालूगंज गुरुद्वारा के प्रधान गुरु सागर सिंह चौधरी, कैथू गुरुद्वारा से शंकर सिंह, पाराचिनार सभा के अध्यक्ष परमजीत सिंह, संजौली गुरुद्वारा के प्रधान सरदार भूपिंद्र सिंह और छोटा शिमला गुरुद्वारा से गोपाल सिंह डांग सहित अन्य लोग मौजूद रहे। उधर, शाम आठ बजे नगर कीर्तन दोबारा गुरुद्वारा साहिब लौटा।