हिमाचल में बेरोजगारी की हद पार हो गई है। राज्य लोक सेवा आयोग की ओर से लिए जा रहे चपरासी के तीन पदों के साक्षात्कार से यह तस्वीर सामने आ रही है। चतुर्थ श्रेणी के 3 पदों के लिए 2380 युवा बेरोजगार साक्षात्कार दे रहे हैं।
उनमें भी एमए, बीए पढ़े-लिखे सैकड़ों नौजवान शामिल हैं, जबकि मैट्रिक पास ही बुलाए गए थे। ये साक्षात्कार आयोग के कार्यालय में हो रहे हैं। इंटरव्यू का सिलसिला पूरे 17 दिन का तय किया गया है। रोजाना 4-4 बोर्ड साक्षात्कार ले रहे हैं।
सिर्फ 6200 रुपये मासिक वेतन मिलेगा
यह भर्ती आयोग कार्यालय में ही चतुर्थ श्रेणी के 3 खाली पदों को भरने के लिए हो रही है। इसीलिए आमतौर पर बड़े अधिकारियों के साक्षात्कार में व्यस्त रहने वाला आयोग यह अनोखी परीक्षा ले रहा है।
इन पदों पर भर्ती के लिए विशेष सचिवों, अवर सचिवों आदि की अध्यक्षता वाले साक्षात्कार बोर्ड बनाए गए हैं। 23 जून को शुरू हो चुके ये साक्षात्कार 9 जुलाई तक रखे गए हैं। रोजाना सौ-डेढ़ सौ उम्मीदवार अनुबंध आधार पर नियुक्ति को अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इनमें से प्रत्येक को 6200 रुपये का मासिक वेतन मिलेगा।
3400 ने किया था आवेदन
आयोग को कुल 3400 उम्मीदवारों के आवेदन मिले थे। इनमें से 2380 उम्मीदवार आयोग के रिकार्ड में एडमिट हुए हैं। आयोग के अवर सचिव त्रिलोक सिंह चौहान ने माना है कि इन दिनों चतुर्थ श्रेणी के तीन पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लिए जा रहे हैं, जिनमें स्नातक और स्नातकोत्तर परीक्षा पास आवेदक भी हिस्सा ले रहे हैं।