एक दिसंबर से दिल्ली में शुरू होगी चैंपियनशिप
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। 68वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप के लिए प्रदेशभर से 229 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इसमें शॉटगन इवेंट, पिस्टल इवेंट और राइफल इवेंट शामिल हैं। यह चैंपियनशिप भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
शॉटगन मुकाबले एक दिसंबर से 5 जनवरी तक दिल्ली में होंगे। राइफल मुकाबले 11 से 31 दिसंबर तक भोपाल में ओर पिस्टल इवेंट 11 दिसंबर से 4 जनवरी तक दिल्ली में होंगे। इसके लिए सबसे अधिक खिलाड़ियों का चयन राजधानी के इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर से हुआ है। इस चैंपियनशिप में खेल परिसर के 49 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसमें पिस्टल इवेंट में 25 और राइफल इवेंट में 24 खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा कटोव शूटिंग अकादमी कांगड़ा के 25, 6वीं आईआर बटालियन शूटिंग क्लब धौलाकुआं सिरमौर के 22 खिलाड़ी हैं। इनके अलावा हिमालयन शूटिंग अकादमी कांगड़ा के 12, लखन पाल शूटिंग अकादमी मंडी के 7, कसौली इंटरनेशनल स्कूल सोलन के 6, बिशप कॉटन स्कूल शिमला के 3 खिलाड़ी हैं। पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर सोलन के 2 और शिवा इंटरनेशनल स्कूल घुमारवीं बिलासपुर के भी 2 खिलाड़ी इसमें भाग ले रहे हैं। हिमाचल प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन के महासचिव ईश्वर रोहल ने बताया कि इस बार युवा प्रतिभाओं की संख्या अधिक है। उम्मीद है कि प्रदेश की टीम विभिन्न श्रेणियों में मजबूत प्रदर्शन करेगी।
दस मीटर एयर पिस्टल टीम के ट्रायल आज से
10 मीटर एयर पिस्टल और मिक्स्ड टीम के चयन के लिए ट्रायल इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर शिमला में 28 से 30 नवंबर तक होंगे। ट्रायल के शीर्ष खिलाड़ियों (सीनियर जूनियर यूथ दोनों ट्रायल्स के औसत स्कोर के आधार पर) के बीच चैंपियन ऑफ द का आयोजन होगा। द चैंपियन मुकाबला 30 नवंबर 2025 को होगा। वहीं खेल परिसर में ही 10 मीटर एयर राइफल के लिए टीम और मिक्स्ड टीम चयन के लिए ट्रायल 5 से 7 दिसंबर तक होंगे। ट्रायल के शीर्ष 6 खिलाड़ियों के बीच चैंपियन ऑफ द चैंपियन मुकाबला 7 दिसंबर को होगा। इसमें पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वालों को नगद पुरस्कार मिलेगा।