अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी की सड़कों पर भारी ट्रैफिक के कारण अगर आप आज परेशानी नहीं झेलना चाहते तो घर से दफ्तर के लिए रोजाना के मुकाबले एक घंटे पहले ही निकल जाएं। शहर में सैलानियों की आमद बढ़ने के कारण सड़कों पर अधिक ट्रैफिक होने की संभावना के चलते पुलिस प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। सुबह आठ से नौ बजे के बीच ही अगर दफ्तर पहुंच जाते हैं तो आपको ट्रैफिक के कारण परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। ऑफिस ऑवर्स के दौरान सुबह 9 से साढ़े ग्यारह बजे के बीच शहर की सड़कों पर भारी ट्रैफिक के चलते जाम लगने की संभावना है। हालांकि शहर में सामान्य के मुकाबले अधिक ट्रैफिक की संभावना के मद्देनजर पुलिस ने भी खास इंतजाम किए हैं, लेकिन शहर के लोगों के सहयोग से ही समस्या का समाधान हो पाएगा।
---
कोई परेशानी पेश आए तो इस नंबर पर करें संपर्क
ट्रैफिक कंट्रोल रूम - 0177-2651850
---
चंडीगढ़ की ओर से आने वाले वाहनों के लिए ट्रैफिक प्लान
चंडीगढ़ की ओर से आने वाले ऐसे वाहन जिन्हें ढली, मशोबरा, नालदेहरा, कुफरी, ठियोग, नारकंडा, खड़ापत्थर की ओर जाना होगा शोघी-मैहली बाईपास होते रवाना किए जाएंगे, ताकि वाहन शहर के ट्रैफिक में न फंसे और वाहन सवारों को परेशानी न झेलनी पड़ी।
---
मशोबरा-छराबड़ा की ओर से आने वाले वाहनों का प्लान
मशोबरा और छराबड़ा की ओर से ढली पहुंचने वाले ऐसे वाहन जिन्हें शिमला से आगे चंडीगढ़ की ओर जाना है, ढली-मैहली-शोघी बाईपास से रवाना किए जाएंगे। ढली और शोघी में वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
---
सुबह जल्दी निकलें घर से
इस वीकएंड शहर में टूरिस्टों का भारी रश होने के चलते सोमवार सुबह सड़कों पर अधिक ट्रैफिक होने की संभावना है। ऐसे में परेशानी न झेलनी पड़े इसलिए लोगों से सुबह 8 से 9 बजे के बीच गंतव्य तक पहुंच जाने का आग्रह किया गया है। हालांकि शहर में ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए अतिरिक्त इंतजाम भी किए गए हैं।
- गोपाल सिंह, डीएसपी ट्रैफिक
---
शनिवार को शहर में पहुंचे 2162 पर्यटक वाहन
शनिवार को बाहरी राज्यों से शिमला में कुल 2162 पर्यटन वाहन एंटर हुए। शोघी पुलिस पोस्ट में दर्ज आंकड़ों के अनुसार 1862 छोटे और 300 भारी पर्यटक वाहन शिमला में एंटर हुए हैं। इन वाहनों में करीब तीस हजार सैलानियों के एक ही दिन में शिमला पहुंचने का अनुमान है।
---
अपने इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था संभालेंगे थाना : चौकी प्रभारी
पुलिस अधीक्षक शिमला की ओर से शहर के सभी थानों और चौकियों के प्रभारियों को ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अपना स्टॉफ तैनात करने के आदेश दिए गए हैं। अपने अपने क्षेत्र में ट्रैफिक की निर्बाध आवाजाही के लिए थाना चौकी प्रभारियों की जिम्मेवारी तय की गई है।
---
103 टनल से टूटीकंडी क्रॉसिंग तक कंट्रोल होगा ट्रैफिक
शहर में एंटर होने वाले वाहनों को नियंत्रित करने के लिए 103 टनल से टूटीकंडी क्रॉसिंग तक विशेष व्यवस्था की गई है। यहां तैनात पुलिस कर्मी एक दूसरे के साथ वायरलेस पर संपर्क में रहेंगे और निर्धारित अनुपात में ट्रैफिक आगे बढ़ाया जाएगा। विक्ट्री टनल पर स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो इसके लिए यह व्यवस्था की गई है।
---
सर्कुलर रोड पर तैनात रहेंगे बटालियनों के 70 जवान
शहर की लाइफ लाइन कहे जाने वाले सर्कुलर रोड पर सोमवार को बटालियनों से आए करीब 70 जवान तैनात रहेंगे। सर्कुलर रोड के ऐसे प्वाइंटों पर जहां अकसर ट्रैफिक लगता है ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात रहेंगे जबकि अन्य प्वाइंटों पर बटालियनों के जवानों की तैनाती की जाएगी।
---
8 सेक्टर ऑफिसर और 8 बाइक राइडरों की भी तैनाती
शहर की सड़कों पर भारी ट्रैफिक की संभावना के मद्देनजर पुलिस ने 8 सेक्टर ऑफिसरों की तैनाती की है। सभी सेक्टर आफिसर अपने अपने इलाकों में लगातार मूवमेंट करते रहेंगे। इसके अलावा 8 बाइक राइडर भी जरूरत पड़ते पर तुरंत आईओ के साथ मौके पर पहुंच जाएंगे।