अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य महकमे की ओर से किए गए निरीक्षण के बाद दुकानदारों को नोटिस जारी नहीं किए गए हैं। अभी तक दुकानदारों ने नियमों की अवहेलना करने पर जुर्माना नहीं भरा है। जुर्माने को लेकर महकमे की ओर से कोई भी कागजी कार्रवाई न होने के कारण दुकानदार शांत बैठे हैं। जबकि, दूसरी ओर महकमे का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष कार्य पूरा कर नियमों की अवहेलना करने वाले दुकानदारों से जुर्माना वसूला जाएगा।
गौरतलब है कि दिवाली के मौके पर खाद्य महकमे ने शिमला के मिडिल बाजार, लोअर बाजार, बस स्टैंड सहित सब्जी मंडी में दबिश दी थी। इस दौरान कई दुकानदारों ने दुकानों में रेट लिस्ट नहीं लगा रखी थी, जबकि ढाबों में अवैध तरीके से घरेलू सिलेंडरों को भी उपयोग करते हुए पाया गया था। महकमे की ओर से दो दिनों के भीतर कुल 69 निरीक्षण किए गए थे। इसके बाद सूची बनाकर इसे उपायुक्त के सामने अप्रूवल के लिए भेजा जाना था। सूत्रों की मानें तो अभी तक इसके बारे में सूची पर साइन नहीं हो पाए हैं। इसके चलते अभी तक ऐसे दुकानदारों को नोटिस जारी नहीं हो पाए हैं। हालांकि, कहा जा रहा है कि चुनावी ड्यूटी में व्यस्तता के कारण नोटिस जारी करने में देरी हुई है। दावा किया जा रहा है कि चुनाव खत्म होने के बाद तुरंत इन दुकानदारों को नोटिस जारी होंगे।
चुनाव खत्म होने के बाद जारी होंगे नोटिस
चुनाव खत्म होने के बाद दुकानदारों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके तुरंत बाद दुकानदारों को जुर्माना भरना होगा अन्यथा इन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- पुरुषोत्तम सिंह, जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले
दो दिन में पकड़े थे 27 घरेलू सिलेंडर
शिमला। खाद्य महकमे ने दो दिन में ताबड़तोड़ निरीक्षण किए थे। शहर में कुल 69 निरीक्षणों के दौरान फल और सब्जियों के अलावा 27 घरेलू सिलेंडर मौके पर पकड़े थे। नियमों की अवहेलना करने वाले इन दुकान संचालकों से वसूला जाने वाला खजाना सरकारी कोष में जमा किया जाएगा।