शिमला। एसएफआई की विवि इकाई ने विवि के मुख्य पुस्तकालय की समस्याओं को लेकर लाइब्रेरियन से मुलाकात की और उन्हें मांग पत्र सौंपा। उठाई गई समस्याओं में पुस्तकालय में इन दिनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए हीटर की सुविधा, 24 घंटे वाले सेक्शन में अतिरिक्त कुर्सियों की व्यवस्था करने, पुस्तकालय में एग्जास्ट फैन लगाने, सेक्शन में परदों की व्यवस्था करने जैसी मांगों को उठाया गया। लाइब्रेरियन से मिले अध्यक्ष जीवन ठाकुर और अनिल नेगी ने चेताया कि यदि ये मांगें जल्द पूरी न की गईं तो एसएफआई आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि इन दिनों पुस्तकालय में सैकड़ों की तादाद में छात्र सुबह से शाम तक बैठक कर परीक्षा की तैयारी करते हैं। उनकी सुविधा को देखते हुए ये सुविधाएं जल्द मुहैया करवाई जाएं।