बीसीएस थाने के बगल में एक निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन में नक्शे से ज्यादा निर्माण करने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद जब नगर निगम की टीम ने इसकी जांच की तो निर्माण में काफी डेविएशन पाया गया। अब नगर निगम ने भवन मालिक को काम रोकने का नोटिस थमा दिया है।
निगम प्रशासन के अनुसार बीसीएस चौक के समीप बन रही इस इमारत का नक्शा नगर निगम से स्वीकृत है। इन दिनों भवन मालिक ने निर्माणकार्य चला रखा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भवन मालिक ने सेट बैक आदि नियमों का पालन नहीं किया है। इसने नक्शे के अनुसार मकान नहीं बनाया है। निगम को शिकायत मिली तो जेई की एक टीम मौके पर पहुंची। पाया गया कि निर्माण मंजूरी से अधिक हो रहा है।
ऐसे में अब इसे काम रोकने के निर्देश जारी किए गए हैं। नगर निगम ने भवन मालिक को भवन के नक्शे और दस्तावेज पेश करने को कहा है। इसके बाद ही आगे काम की अनुमति मिल पाएगी। एपी राजीव शर्मा का कहना है कि भवन मालिक को निर्माण रोकने के निर्देश दे दिए हैं।
कार्रवाई न करने का दबाव डाल रहे पार्षद
सूत्रों के मुताबिक भवन मालिक रसूखदारों और अपने पहचान के पार्षदों की मदद से एमसी पर भी दबाव बना रहा है कि उसके खिलाफ कार्रवाई न की जाए। मामले में अब एमसी के कुछ पार्षदों का नाम भी सामने आ रहा है जो निगम पर कार्रवाई न करने का दबाव डाल रहे हैं।
आने वाले दिनों में देखना होगा कि निगम प्रशासन अवैध निर्माण पर कितनी सख्ती दिखाता है। शहर के विभिन्न इलाकों में भी निगम ने अवैध निर्माण के मामले पकड़े हैं लेकिन ज्यादातर मामले शिकायत के बाद ही सामने आए हैं।