महाराष्ट्र के अहमद नगर स्थित सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड के पवन ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने में 191 करोड़ रुपये के कथित गड़बड़झाले के मामले में सीबीआई ने एसजेवीएनएल के तत्कालीन कार्यकारी निदेशक आरके अग्रवाल से पूछताछ की है। करीब चार घंटे लंबी पूछताछ के दौरान सीबीआई ने बयान की वीडियो बनाई है। सीबीआई से जुडे सूत्र बताते हैं कि अब इस मामले में पूछताछ के लिए मुख्य महाप्रबंधक (सेवानिवृत्त) और उप महाप्रबंधक (सेवानिवृत्त) को नोटिस जारी कर के लिए लिए सीबीआई कार्यालय शिमला बुलाया है।
इन तीनों एसजेवीएनएल के तत्कालीन अधिकारियों से पूछताछ पूरी होने के बाद एफआईआर में नामजद कंपनी कंस्लटेंट को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड के महाराष्ट्र के अहमदनगर स्थित पवन ऊर्जा संयंत्र की स्थापना में बरती गई लापरवाही को लेकर शिमला थाना में मामला दर्ज किया है। यह मामला एसजेवीएनएल सार्वजनिक उपक्रम के तत्कालीन 3 अधिकारियों के साथ ही 1 निजी कंपनी के 2 प्रतिनिधियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।