फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंथाघाटी में डंगा गिरने से मलबे में दबी पांच गाड़ियां, कई सड़कें और रास्ते बंद

Sun, 29 Jul 2018 07:48 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन

शहर में बारिश का दौर थमने के बाद भी तबाही का दौर जारी है। लोअर पंथाघाटी में शनिवार रात एक डंगा गिरने से मेहली-शोघी बाईपास पर खड़ी पांच गाड़ियां मलबे में दब गईं हैं। इससे बाईपास पर यातायात भी ठप हो गया। करीब डेढ़ साल पुराना यह डंगा रात करीब दस बजे भरभराकर सड़क पर गिर गया। इस कारण सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां भारी भरकम मलबा गिरने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

विज्ञापन


सूचना मिलते ही एनएच, लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी से मलबा हटाना शुरू कर दिया। कई लोगों ने आशंका जताई कि शायद किसी गाड़ी में लोग मौजूद हो सकते हैं। इसी बीच बचाव कार्य में लगी एक जेसीबी खराब हो गई। बाद में दूसरी मशीन मंगवाई गई। रात करीब तीन बजे गाड़ियों से मलबा हटाया गया। इनमें से मारुति 800, ऑल्टो, रिट्ज, बोलेरो कैंपर और महिंद्रा गाड़ी पूरी तरह से कबाड़ बन चुकी हैं। रोड बंद होने से रविवार सुबह तक बड़े ट्रकों की आवाजाही खलीनी-टूटीकंडी हाइवे से की गई।

रात दो बजे तक मौके पर रहीं मेयर
सूचना मिलने के बाद महापौर कुसुम सदरेट देर रात 11 बजे ही मौके पर पहुंच गईं। रात दो बजे तक मेयर की मौजूदगी में राहत कार्य जारी रहे। पुलिस के अनुसार यह प्राइवेट डंगा था जो ठेकेदार प्रमोद शर्मा के चार मंजिला मकान के आगे बना था। बारिश से यह ढह गया है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया है। वाहन मालिक क्लेम की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा ढली टनल के पास शिव मंदिर से बन रहा एंबुलेंस रोड भी ढह गया है।
विज्ञापन


इससे कई घरों की पानी की पाइपें भी टूट गई हैं। चंद महीने पहले लगाया यह डंगा पहली ही बरसात में गिर गया। उधर, डिप्टी मेयर के पंथाघाटी वार्ड का शक्ति विहार रोड भी डंगा गिरने से रविवार सुबह बंद रहा। इससे यहां एक मकान को भी खतरा पैदा हो गया है। शाम के समय डिप्टी मेयर ने भी इलाके का दौरा किया। जमीन और डंगे धंसने से शहर के कई रोड और मकानों को खतरा पैदा हो गया है।

इंजीनियर ने ठेकेदार के खिलाफ किया चक्काजाम
पुलिस के अनुसार मलबे में दबी रिट्ज गाड़ी दिल्ली के सुशांत सिंह की है, जो आईटी भवन में बतौर इंजीनियर तैनात हैं। देर शाम अपने परिचित के घर आए थे। सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर खाना खाने चले गए। जब वापस लौटे तो मंजर देख होश उड़ गए। गाड़ी मलबे में दबी पड़ी थी। रविवार सुबह ठेकेदार से बात की और बाकी वाहनमालिकों के साथ गाड़ी का क्लेम मांगा। इसी दौरान जब बात नहीं बनी तो ठेकेदार के खिलाफ सड़क पर लेटकर चक्काजाम कर दिया। मां के साथ बीच सड़क पर बैठकर नारेबाजी कर रहे इंजीनियर को पुलिस ने शांत किया। बाद में ठेकेदार से भी बात की गई।

ढली स्कूल जाने वाली सड़क भी क्षतिग्रस्त
ढली चौक के पास ढली स्कूल जाने वाली सड़क का डंगा गिरने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। रविवार सुबह करीब नौ बजे स्कूल जाने वाली सड़क का डंगा गिर गया। इससे बड़े-बड़े पत्थर गिरने से सड़क वन-वे हो गई, इस कारण लंबा जाम लग गया। ढली चौक से लेकर मशोबरा बाईफरकेशन तक वाहनों की कतार लग गई। सड़क बहाल करने के लिए तुरंत जेसीबी मंगवाई गई। नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड और वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर राहत कार्यों में सहयोग दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें