गेयटी थियेटर में आयोजित पुस्तक मेले में फिक्शन किताबों की रही ज्यादा मांग
विज्ञापन
15 हजार से अधिक किताबों की हुई बिक्री संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। गेयटी थियेटर में आयोजित पुस्तक मेले में सात दिन में करीब 17 लाख रुपये की कमाई हुई। भाषा एवं संस्कृति विभाग और गेयटी ड्रामेटिक सोसायटी की ओर से आयोजित इस मेले का शुक्रवार को समापन हुआ। इस दौरान 15 हजार से अधिक किताबों की बिक्री हुई।
पुस्तक मेले में देशभर के प्रकाशकों ने करीब पांच लाख से अधिक किताबों का संग्रह प्रदर्शित किया था। इसमें समकालीन बेस्ट सेलर्स से लेकर कॉलेजीय क्लासिक्स तक पुस्तकों का एक बेहतरीन संग्रह उपलब्ध रहा। इसमें सबसे ज्यादा फिक्शन किताबों की बिक्री हुई। प्रकाशकों में नेशनल बुक ट्रस्ट (भारत), प्रकाशन विभाग (सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार), राजपाल एंड संस, सस्ता साहित्य मंडल, उपकार प्रकाशन, आधार प्रकाशन, निखिल पब्लिशर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स, पद्म बुक कंपनी, रामकृष्ण मठ (बागबाजार), भारतीय कला प्रकाशन, ऑथर्स अड्डा, बोध वर्षा और सहित स्थानीय लेखक इसमें रहे। पुस्तक मेले के संयोजक संयोजक मनोज सिंह चंदेल ने बताया कि बीते वर्षों के मुकाबले इस बार कम किताबों की बिक्री हुई। हर वर्ष जहां 20 से 22 लाख रुपये की बिक्री होती थी वहीं इस बार यह आंकड़ा मुश्किल से 17 लाख तक पहुंच सका। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य कारण यह है कि पहले जहां शिमला में एक साल में एक या दो पुस्तक मेले लगते थे वहीं अब साल में 10 से 12 बार पुस्तक मेले लगते हैं। मनोज ने बताया कि उनका प्रयास है कि हिमाचल प्रदेश में भाषा एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से अन्य स्थानों में भी पुस्तक मेला के आयोजन का प्रयास किया जाएगा।