एडीएम प्रोटोकॉल ज्योति राणा ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
विज्ञापन
बिना अनुमति न भर्ती होगी न ही कोई हटाया जाएगा
हर काम के लिए लेनी होगी प्रशासक से स्वीकृति अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी के संजौली हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल से जिला प्रशासन से सारा रिकॉर्ड तलब कर लिया है। स्कूल प्रबंधन को तीन दिन के भीतर मैनेजमेंट से लेकर वित्तीय लेन-देन से जुड़ा सारा रिकॉर्ड जमा करने को कहा है। उन्होंने स्कूल प्रशासक का कार्यभार संभाल लिया है।
स्कूल प्रशासक की जिम्मेदारी संभाल रहीं एडीएम प्रोटोकॉल ज्योति राणा ने शुक्रवार सुबह स्कूल का दौरा किया। इस दौरान यहां प्रबंधन के पदाधिकारियों से बात की गई। एडीएम ने स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। जिला प्रशासन ने स्कूल में पुलिस की तैनाती की है। इसके बाद अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल भेजना शुरू कर दिया है। आठ सौ बच्चों वाले इस स्कूल में अब पढ़ाई के लिए हालात सामान्य होने लगे हैं। एडीएम ने स्कूल प्रबंधन से सभी जरूरी दस्तावेज तीन दिन के भीतर जमा करने के निर्देश दिए हैं। स्पष्ट किया कि किसी भी नए काम के लिए प्रशासक से मंजूरी लेना अनिवार्य होगा। स्कूल से किसी भी कर्मचारी को हटाना है या नई भर्ती करनी है, इसकी मंजूरी प्रशासक से लेना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन ने छह माह की अवधि के लिए स्कूल में प्रशासक की तैनाती की है। एडीएम ज्योति राणा ने अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि उनके बच्चों के भविष्य के साथ कोई समझौता नहीं होगा। स्कूल परिसर में पढ़ाई का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा। बच्चे पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करें। अभिभावकों को भी चिंता की जरूरत नहीं है।
स्कूल में अभी प्रार्थना सभा नहीं
स्कूल परिसर में गोलीकांड के बाद से यहां अभी सुबह के समय बच्चों की प्रार्थना सभा भी नहीं हो रही है। बच्चे शुक्रवार को सीधे कक्षाओं में पहुंचे। यहां पहले की तरह रूटीन में इनकी कक्षाएं लगाई जा रही हैं। एडीएम ने शुक्रवार को बच्चों से बात नहीं की। 22 जून से प्रार्थना सभा शुरू होने पर एडीएम बच्चों से बात कर सकती हैं। अभिभावकों ने स्कूल में सुरक्षा बढ़ाने और उनकी चिंता खत्म करने के लिए एडीएम का धन्यवाद किया।