बर्फबारी के बाद शहर की सड़कों में जमा कोहरा लोगों के लिए मुसीबत बना गया है। शनिवार को शहर की सड़कों पर फिसलने के चलते दर्जनों लोग गिरकर चोटिल हुए। सबसे अधिक परेशानी लक्कड़ बाजार के रीगल के पास रही। बच्चों समेत पर्यटक दिनभर कोहरे पर फिसलकर चोटिल होते रहे। इनमें कॉलेज छात्राएं, बच्चों के साथ रिज मैदान जा रही महिलाएं और युवक शामिल थे।
दूसरी ओर लक्कड़ बाजार जाने वाले रास्ते पर बर्फ न हटाने से पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानी देखने को मिली। लोग यहां पर रेलिंग पकड़कर आवाजाही करते नजर आए। दूसरी ओर छोटा शिमला, संजौली, पंथाघाटी और खलीणी में लोग जमे कोहरे पर फिसलते नजर आए। हालांकि जोनल अस्पताल डीडीयू में एक ही व्यक्ति गिरकर इलाज करवाने पहुंचा। हालांकि यह व्यक्ति चौपाल का रहने वाला बताया जा रहा है। दूसरी ओर आईजीएमसी में गिरकर चोटिल हुआ कोई भी व्यक्ति इलाज करवाने नहीं आया।