ऊना जिले के सिंगा में बने देश के सबसे बड़े सौ करोड़ के फूड पार्क का रविवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में शुभारंभ होगा। इस अवसर पर उनके साथ केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल भी शिरकत करेंगी।
ऊना जिले के सिंगा में क्रीमिका फूड पार्क की ओर से लगभग सौ करोड़ का निवेश किया जाएगा। जनसंपर्क अधिकारी सुदीप रावत ने बताया कि इस उद्योग की देश में सबसे ज्यादा फूड प्रोसेसिंग क्षमता होगी। इसमें डेढ़ लाख टन से ऊपर फलों और सब्जियों का उपयोग होगा।
मुख्यमंत्री जयराम सुबह 11 बजे इसका शुभारंभ करेंगे। संबंधित मंत्रालय की केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के अलावा सांसद अनुराग ठाकुर, प्रदेश के उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर, प्रदेश औद्योगिक निगम के उपाध्यक्ष प्रो. रामकुमार भी मौजूद रहेंगे।