अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। विधानसभा चुनाव में ड्यूटी के लिए विवि से लगाए गए 368 और दूसरी सूची में 20 कर्मचारियों के कारण शुक्रवार से विवि की परीक्षा विंग की अधिकतर शाखाओं में सन्नाटा पसर जाएगा। कई ऐसी शाखाएं है, जहां से 14 में से सिर्फ तीन, तो कहीं सिर्फ एक या दो कर्मचारी और अधिकारी ही शेष बच जाएंगे। परीक्षा विंग की पीजी और यूजी शाखाओं में तो सिर्फ सेक्शन ऑफिसर और उप कुलसचिव स्तर के अधिकारी ही नजर आएंगे। इवेल्यूएशन शाखा में 11 में से 10 कर्मी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। ऐसे में इन शाखाओं में कामकाज प्रभावित होना लाजिमी है। इसलिए कम से कम चुनाव समपन्न होने और दो दिन के अवकाश के बाद अब 13 नवंबर तक कमोवेश शाखाओं में यही स्थिति रहेगी। एचपीयू ने चुनाव आयोग को भी कम स्टाफ ड्यूटी पर लगाने का आग्रह किया था, लेकिन विवि से सभी कर्मचारी शुक्रवार को चुनावी ड्यूटी के लिए रवाना हो जाएंगे। काम पूरी तरह से ठप न हो, इसके लिए विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. जेएस नेगी ने कुलसचिव को पत्र खिलकर पीजी और यूजी परीक्षा शाखाओं के साथ इवेल्यूऐशन सिक्रेसी और कंडक्ट जैसी सभी शाखाओं के लिए काम चलाने को स्टाफ की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।
इन शाखाओं में होगा अधिक संकट
विवि की परीक्षा विंग की कंडक्ट, सिक्रेसी, एग्जाम, रजिस्ट्रेशन, माइग्रेशन, डिग्री, एवेल्यूएशन जैसी शाखाओं में संकट बढ़ने वाला है। लगभग इन सभी शाखाओं में एक दो कर्मी या अधिकारी ही शेष बच गए हैं, जिससे रूटीन काम निपटाना मुश्किल हो सकता है।
मेडिकल और डेंटल कोर्स पर पड़ेगा असर
इन दिनों पीजी डिग्री कोर्स के करीब 60 हजार छात्रों के फार्म की छंटनी और रोलनंबर भेजने का कार्य किया जा रहा है। बीडीएस कोर्स के अंतिम सेमेस्टर का परिणाम तैयार किया जा रहा है। स्टाफ ड्यूटी पर चले जाने से यह परिणाम भी लेट हो सकता है। वहीं, कंडक्ट में कई कोर्स की डेटशीट आदि भी तैयार की जा रही है। उधर, विवि के कुलसचिव प्रो. एसएस नारटा ने माना कि कुछ शाखाओं में एक या दो कर्मी और अधिकारी ही शेष बचे हैं। इन शाखाओं में पूछताछ तक के मामले निपटाने तक को स्टाफ नहीं बचा है। इसलिए सीओई की मांग पर अन्य शाखाओं और विभागों से 3 से 10 नवंबर तक अस्थायी तौर पर कर्मी लगाए जा रहे हैं।
कॉलेजों को अपने स्तर पर व्यवस्था करने के निर्देश
विश्वविद्यालय ने यूजी डिग्री कोर्स के लिए बनाए गए सभी केंद्रों से स्टाफ चुनाव ड्यूटी पर लगाए जाने से 3 से 10 नवंबर तक परीक्षा संचालन में खड़ी होने वाली समस्या को अपने स्तर पर निपटाने और वैकल्पिक स्टाफ व्यवस्था करने के कॉलेज प्रबंधन को निर्देश दिए हैं।